नहीं चलेगी लापरवाही, जनता दर्शन में योगी ने अफसरों को दिए ये सख्त निर्देश, फरियादियों से अपील भी की
पश्चिम बंगाल प्रचार जाने से पहले सीएम योगी ने जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। योगी ने अफसरों को सख्त निर्देश दिए हैं। योगी ने कहा कि लापरवाही नहीं चलेगी। समस्याएं समय से हल की जाएं।

UP News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए जाने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह जनता दर्शन किया। मुख्यमंत्री योगी ने जनता दर्शन में प्रदेश भर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद योगी ने अधिकारियों को संवेदनशील होकर जनता की समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। योगी ने अधिकारियों से कहा कि लापरवाही नहीं चलेगी। समय से शिकायतों का निस्तारण किया जाए। इसके साथ जनता दर्शन में आए फरियादियों से योगी ने अपील की है कि भीषण गर्मी में परेशान न हों। वह अपने जनपद में ही अधिकारियों से शिकायत करें, समाधान किया जाएगा।
समयसीमा के भीतर समस्याओं का समाधान करें
मुख्यमंत्री योगी ने 'जनता दर्शन' में आए सभी फरियादियों से मुलाकात की। एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं, प्रार्थना पत्र लिया, फिर अधिकारियों को समय सीमा के भीतर समाधान कराने को कहा। राजस्व व पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि हीलाहवाली नहीं चलेगी, समयसीमा के भीतर समस्याओं का समाधान करके पीड़ित को सूचित करना होगा।
बेतहाशा गर्मी में न हों परेशान
'जनता दर्शन' में आए कुछ फरियादियों से मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या जनपद में किसी अधिकारी से मिलकर आपने समस्या बताई? पता चला-नहीं, इस पर मुख्यमंत्री ने फरियादियों से कहा कि बेतहाशा गर्मी में आप परेशान न हों। पहले अपने जनपद में तैनात अधिकारियों से पीड़ा बताएं। हर हाल में सुनवाई होगी और समस्या का यथोचित समाधान भी। मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि धूप-गर्मी में अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
बच्चों को किया दुलार, चॉकलेट भी दी
मुख्यमंत्री ने 'जनता दर्शन' में परिजनों के साथ आए बच्चों पर अपना स्नेह लुटाया। उन्हें चॉकलेट के साथ आशीर्वाद भी दिया। मुख्यमंत्री ने मां की गोद में बैठे बच्चों से पूछा-चॉकलेट चाहिए तो एक बच्चे ने मुस्कुराकर अभिव्यक्ति दी, इस पर मुख्यमंत्री ने उसे चॉकलेट दी। चॉकलेट पाकर बच्चा खिलखिला उठा।
जनता दर्शन के बाद बंगाल में रोड शो किया
वहीं जनता दर्शन के बाद योगी बंगाल रवाना हुए । प. बंगाल के कल्याणी विधानसभा क्षेत्र की सड़कें सोमवार को ‘वंदे मातरम, भारत मां, जयश्रीराम, हिंदू सम्राट, बुलडोजर बाबा’ के जयकारों से गूंज उठीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां भाजपा उम्मीदवार अनुपम विश्वास के लिए चुनावी रथ पर रोड-शो करने निकले तो जैसे जनसमुद्र उमड़ पड़ा। सड़कों पर हजारों युवा एवं बुजुर्ग अपने लोकप्रिय नेता की झलक मोबाइल में कैद करते दिखाई दिए तो छतों पर खड़ीं महिलाएं हाथ जोड़कर ‘योगी-योगी’ के नारे लगाती दिखीं। बंगाल में ‘बुलडोजर बाबा’ के नाम से पुकारे जा रहे सीएम योगी ने भी सड़कों पर उमड़े लोगों पर बीच-बीच में पुष्पवर्षा की। सीएम योगी के साथ भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्य़क्ष व सांसद तेजस्वी सूर्या भी उपस्थित रहे।




साइन इन