प्रेमी के लिए हैवान बनी मां! 7 महीने के बेटे का गला घोंटा, परिवार को भी जहर देकर की मारने की कोशिश
यूपी के मेरठ में एक मां ने प्रेमी के साथ मिलकर सात महीने के बेटे की हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित मां ने अपने दूसरे बेटे, पति और अन्य ससुरालियों को भी रास्ते से हटाने की साजिश रच रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की जांच तेज कर दी गई है।

UP News: यूपी के मेरठ के मुंडाली क्षेत्र में सात महीने के बेटे की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि मां मीनाक्षी पर न सिर्फ अपने मासूम बेटे की हत्या का आरोप है। बल्कि वह अपने दूसरे बेटे, पति और अन्य ससुरालियों को भी रास्ते से हटाने की साजिश रच रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की जांच तेज कर दी गई है। दूसरी ओर, सात माह के रुद्रांश के शव को कब्र से निकालने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि बुधवार तक शव को बाहर निकाल लिया जाएगा और इसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
मुरलीपुर गांव के रहने वाले अमित तोमर ने अपनी ही पत्नी मीनाक्षी पर सात महीने के बेटे रुद्रांश की हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद मीनाक्षी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों की मानें तो मीनाक्षी ने कबूल किया है कि उसी ने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद बीमारी से मौत की बात बताई थी। पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि ये खूनी खेल यहीं नहीं रुकना था। मीनाक्षी और उसके प्रेमी ने प्लानिंग की थी कि दूसरे बेटे और अमित समेत बाकी ससुरालियों की भी हत्या करनी थी। सभी को जहर देकर हत्या करने की प्लानिंग की जा रही थी।
मीनाक्षी और उसके प्रेमी मोहित के खिलाफ फिलहाल पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस ने रुद्रांश के शव को कब्र से बाहर निकालने के लिए डीएम कार्यालय पत्राचार किया है। संभावना है कि बुधवार को शव को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
गांव में सन्नाटा, हर कोई हैरान
कलयुगी मां मीनाक्षी की करतूत से हर कोई हैरान है। गांव में सन्नाटा पसरा रहा और अमित के घर पर रिश्तेदारों का तांता लगा रहा। इस दौरान पुलिस छानबीन के लिए अमित के घर पर पहुंची थी। मीनाक्षी के सामान की तलाशी ली गई है। मीनाक्षी का मोबाइल भी पुलिस ने जांच के लिए सील कर लिया है। दूसरी ओर, मोहित को पकड़ने के लिए टीम को लगाया गया है।




साइन इन