mob pelted stones at police in Unnao on Holi overturned vehicle into a ditch उन्नाव में होली पर बवाल, जुआ की सूचना पर पहुंची पुलिस पर भीड़ ने किया पथराव, गाड़ी को खंती में पलटा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

उन्नाव में होली पर बवाल, जुआ की सूचना पर पहुंची पुलिस पर भीड़ ने किया पथराव, गाड़ी को खंती में पलटा

उन्नाव में होली के दिन बवाल हो गया। अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में बुधवार को जुआ होने की सूचना पर पहुंची पुलिस कार्रवाई अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। साथ ही पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे खंती में पलट दिया गया।

Wed, 4 March 2026 10:34 PMPawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, उन्नाव
share
उन्नाव में होली पर बवाल, जुआ की सूचना पर पहुंची पुलिस पर भीड़ ने किया पथराव, गाड़ी को खंती में पलटा

यूपी के उन्नाव में होली के दिन बवाल हो गया। अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में बुधवार को जुआ होने की सूचना पर पहुंची पुलिस कार्रवाई अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। ग्रामीणों ने सिपाही पर युवक की पिटाई का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई। पथराव शुरू हो गया। पुलिस की सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे खंती में पलट दिया गया। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा और अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी।

जानकारी के अनुसार हलके के सिपाही अमरजीत गांव में जुआ होने की सूचना पर पहुंचे थे। इसी दौरान अंकित पुत्र रामदास से सिपाही ने जुआ के बारे में पूछताछ की। अंकित द्वारा जानकारी से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में सिपाही ने अंकित की पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास की महिलाएं और ग्रामीण मौके पर जुट गए। महिलाओं ने सिपाही को दौड़ा लिया, जिसके बाद वह मौके से भाग निकला। घटना से नाराज सोनकर बिरादरी के लोगों ने हड़हा-बलाई मार्ग पर जाम लगा दिया और संबंधित सिपाही को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। पुलिस के समझाने और सख्ती करने की कोशिश के दौरान भीड़ और उग्र हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:होली पर सरयू स्नान को गए 2 किशोर की मौत, एक को ग्रामीणों ने डूबने से बचाया

पथराव और सरकारी वाहन पर हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ ने ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। पुलिस की सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे खंती में पलट दिया गया। बदरका चौकी के दरोगा अनिल त्रिपाठी और एसओ के आरक्षी प्रवीण चौरसिया के साथ भी मारपीट किए जाने की सूचना है। स्थिति बेकाबू होती देख पुलिसकर्मी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर हाईवे की ओर हट गए और वहां पीएसी तथा अन्य थानों से अतिरिक्त बल का इंतजार किया। देर शाम तक गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

गांव में तनाव, फोर्स तैनात

घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। देर शाम तक अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नाली में गुटखा थूकने पर बवाल, दबंगों ने लोहे के पाइप से पीट-पीटकर हत्या
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।