नाबालिग लड़की से होटल में 3 दिन अलग-अलग लोगों ने किया रेप, स्पा में बेचा; अब तक 5 गिरफ्तार
13 वर्षीय किशोरी का इंट्राग्राम के जरिए एक किशोर से दोस्ती से हो गई। उसके बहकावे में आकर किशोरी पांच जनवरी को घर से निकल गई थी। दोस्त उसे लेकर होटल में गया। वहां, उसके साथ रेप कर फरार हो गया। किशोरी के आगे पीछे कोई न होने और भागकर आने की जानकारी होने पर होटल मालिक ने उसे होटल में बंधक बना लिया।

गोरखपुर के गोरखनाथ इलाके से किशोरी की मजबूरी जान उसे होटल में बंधक बनाने और फिर स्पा में बेचे जाने के मामले में पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने होटल में ले जाने वाले दोस्त और स्पा नेटवर्क से जुड़े युवक को पकड़ा है। इस तरह अब तक पांच आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। इंस्टाग्राम दोस्त और स्पा नेटवर्क से जुड़े युवक से पूछताछ और किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने दर्ज केस में दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी है। हालांकि, किशोरी ने मेडिकल कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस की पूछताछ में कई और लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, 13 वर्षीय किशोरी का इंट्राग्राम के जरिए एक किशोर से दोस्ती से हो गई थी। उसके बहकावे में आकर किशोरी पांच जनवरी को घर से निकल गई थी। दोस्त उसे लेकर भूमि पैलेस नाम के होटल में गया। वहां, उसके साथ दुष्कर्म कर फरार हो गया। किशोरी के आगे पीछे कोई न होने और भागकर आने की जानकारी होने पर होटल मालिक धीरेंद्र उर्फ अभय सिंह ने उसे होटल में बंधक बना लिया। आरोप है कि तीन दिन तक अलग-अलग लोगों ने उससे दुष्कर्म किया और फिर बड़हलगंज के स्पा सेंटर में बेच दिया गया। वहां पर एक सप्ताह तक किशोरी को बंधक बनाकर रखने के बाद तबीयत बिगड़ गई।
इसके बाद उसे नौसड़ के एक होटल में पहुंचा दिया गया, जहां से पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। इसके बाद किशोरी का बयान लिया गया तो सारी सच्चाई सामने आ गई। पूछताछ व जांच के आधार पर पुलिस ने इस मामले में होटल मालिक, मैनेजर और स्पा मैनेजर को शनिवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। तीनों आरोपियों को जेल भिजवा दिया गया। अब पुलिस ने रविवार को इंट्राग्राम दोस्त और स्पा नेटवर्क से जुड़े पिपराइच के आदित्य को गिरफ्तार कर लिया है।
पूरे नेटवर्क में कई और लोग हैं शामिल
पुलिस की अब तक की जांच में पता चला है कि पूरे नेटवर्क में कई और लोग शामिल हैं। यह लोग इसी तरह से दोस्ती करके किशोरी को बहकाते हैं और फिर होटल में लाकर गलत काम कराया जाता है। इसी तरह का मामला एक वर्ष पहले भी आया था और पुलिस ने कार्रवाई की थी। इस बार भी पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है, ताकि सभी को जेल भेजा जा सके।
स्पा सेंटर बंद, होटल सील करने को पत्र भेजा
किशोरी को बंधक बनाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़हलगंज के ग्रीन डायमंड स्पा सेंटर को बंद करा दिया है। वहीं, होटल को सील करने के लिए जीडीए को पत्र भेजा गया है। इस पर जल्द ही कार्रवाई संभव है।
क्या बोली पुलिस
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने कहा कि पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है। किशोरी के बयान के आधार पर दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी गई है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




साइन इन