yogi government will provide aid to aided schools in up project alankar rules changed यूपी के इन स्कूलों को योगी सरकार 25 लाख से सवा करोड़ तक की देगी मदद, बदले नियम, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी के इन स्कूलों को योगी सरकार 25 लाख से सवा करोड़ तक की देगी मदद, बदले नियम

माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रोजेक्ट अलंकार के तहत नियमों में बदलाव किया गया है। करीब 4500 एडेड माध्यमिक स्कूल हैं। अभी तक 75 साल पुराने विद्यालयों के जर्जर भवन की जगह नवनिर्माण पर खर्च होने वाली कुल रकम का 75% राज्य सरकार और 25% प्रबंधतंत्र को देना होता है।

Sat, 24 Jan 2026 09:58 PMAjay Singh प्रमुख संवाददाता, लखनऊ
share
यूपी के इन स्कूलों को योगी सरकार 25 लाख से सवा करोड़ तक की देगी मदद, बदले नियम

योगी सरकार अब यूपी के जर्जर अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक स्कूलों को संवारने के लिए छात्र संख्या के हिसाब से वित्तीय मदद देगी। यह मदद 25 लाख से लेकर 1.25 करोड़ रुपये तक होगी। अभी तक 75 साल पुराने स्कूलों को ही मदद मिल रही थी। अब 14 अक्तूबर 1986 तक 40 वर्ष पुराने जर्जर विद्यालयों को भी मदद मिलेगी।

माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रोजेक्ट अलंकार के तहत नियमों में बदलाव किया गया है। करीब 4500 एडेड माध्यमिक स्कूल हैं और इसमें से बड़ी संख्या में विद्यालयों के भवन जर्जर हैं। अभी तक 75 साल पुराने विद्यालयों के जर्जर भवन की जगह नवनिर्माण पर खर्च होने वाली कुल रकम का 75 प्रतिशत राज्य सरकार व 25 प्रतिशत प्रबंधतंत्र को देना होता है। अब 40 साल पुराने विद्यालयों को भी आर्थिक मदद दी जाएगी। दूसरा यह कि छात्र संख्या के अनुसार यह वित्तीय मदद 25 लाख से लेकर 1.25 करोड़ तक मिलेगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी के सभी प्राइमरी स्कूलों में अनिवार्य रूप से होगा ये काम, डेडलाइन भी तय

छात्र संख्या 300 से लेकर 500 तक होने पर स्कूल को 25 लाख तक की वित्तीय मदद सरकार देगी और अगर छात्र संख्या 2001 से अधिक है, तो यह सहायता 1.25 करोड़ तक होगी। यही नहीं कुल खर्च में जो 25 प्रतिशत हिस्सा प्रबंधतंत्र को खर्च करना होगा, वह उसे सांसद-विधायक निधि और कंपनियों से कॉरपोरेट सोशल रिसपांसबिलिटी (सीएसआर) के तहत ले सकेंगे। उन्हें और वित्तीय मदद जुटाने की छूट दी गई है।

प्रत्येक जिले में इसके लिए डीएम की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी, अधिशाषी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग और वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा सदस्य होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक कमेटी के सदस्य सचिव होंगे। पोर्टल की मदद से ऑनलाइन आवेदन स्कूलों से लिए जाएंगे। वहीं स्कूलों के सर्वे व सत्यापन के लिए उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ (चंदेल गुट) के प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी व उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय उपाध्यक्ष डॉ. आरपी मिश्रा ने सरकार से मांग की है कि वह स्कूलों की खस्ता वित्तीय स्थिति को देखते हुए पूरी शत-प्रतिशत मदद करें।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लाठी-डंडे-असलहे लेकर आमने-सामने आए दो पक्ष, इस जिले में दिन दहाड़े फायरिंग

स्कूलों को छात्र संख्या के अनुसार मिलेगी मदद

छात्र संख्या वित्तीय मदद

300 से 500 25 लाख

5001 से 1000 50 लाख

1001 से 1500 75 लाख

1501 से 2000 1 करोड़

2001 से ऊपर 1.25 करोड़

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।