मेरा बदला पूरा हुआ, ससुर की हत्या के बाद दामाद ने इंस्टाग्राम पर डाला वीडियो, बताई हत्या की वजह
लखीमपुर खीरी में एक दामाद ने अपने ससुर की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद दामाद ने एक वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में वह कह रहा है कि यह उसका बदला था, जो पूरा हो गया है।

Lakhimpur kheri News: यूपी के लखीमपुर खीरी में एक दामाद ने अपने ससुर की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद दामाद ने एक वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में वह कह रहा है कि यह उसका बदला था, जो पूरा हो गया है। उसने होशो हवाश में हत्या की है। उधर पुलिस आरोपी दामाद की तलाश में जुटी हुई है। खीरी टाउन कस्बे के मोहल्ला अरनीखाना निवासी कमल की शादी हानिया टोला निवासी गणेश (52) की बेटी खुशबू के साथ हुई थी। कमल ससुर गणेश से रंजिश मानता था। बताया जाता है कि गुरुवार की रात को कमल के साढ़ू के घर अरनीखाना में एक पारिवारिक कार्यक्रम था। रात करीब 11 बजे कमल शराब पीकर कार्यक्रम में पहुंचा। ससुरालियों से उसका विवाद होने लगा। विवाद बढ़ा तो उसने लाठी से पीटकर ससुर गणेश की हत्या कर दी। सरेआम हुई वारदात से लोगों में हड़कम्प मच गया।
उधर, वहां से भागे आरोपी कमल ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि उसने पूरे होशो में ये वारदात की है। यह उसका बदला था। उसने मौका मिलते ही बदला पूरा कर लिया। कमल ने वीडियो में यह भी कहा कि इसमें कोई और शामिल नहीं है। मामले में खीरी एसओ निराला तिवारी का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। बताया गया है कि आरोपी की पत्नी उसे छोड़कर उसके छोटे भाई के साथ चली गई थी। इसके लिए वह ससुर को जिम्मेदार मानता था।
छोड़कर चली गई थी पत्नी, ससुर से रंजिश मानता था आरोपी कमल
खीरी टाउन कस्बे के मोहल्ला अरनीखाना जिंसी में एक दामाद कमल ने लाठी से पीट पीटकर अपने ही ससुर गणेश की हत्या कर दी। सूचना पाकर सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी,थाना अध्यक्ष निराला तिवारी,चौकी इंचार्ज संजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस वारदात के पीछे की कहानी कुछ देर में ही सामने आ गई। गणेश बेलदार पुत्र बाबू सिंह निवासी हनिया टोला अरनीखाना गया था। वहां एक जन्मदिन की पार्टी थी। कमल के साढू के यहां की पार्टी में ससुर गणेश व कमल के भाई विमल को बुलाया गया था। पर कमल को नहीं पूछा गया।
चार साल पहले हुई थी कमल की शादी
बताया जाता है कि गणेश की पुत्री खुशबू की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व कमल पुत्र शिवकुमार के साथ हुई थी। जिनसे वर्तमान समय में कोई संतान नही है। इस वजह से कमल की पत्नी खुशबू अपने देवर विमल पुत्र शिवकुमार के साथ लगभग ढाई वर्ष पूर्व गांव छोड़कर चली गई थी। लोगों ने बताया कि कमल को लगता था कि गणेश ने अपनी पुत्री को अपने दामाद के छोटे भाई के साथ भिजवा दिया है। इसी रंजिश और पार्टी में न बुलाने जाने से नाराज कमल ने अपने ससुर गणेश की हत्या कर दी। मृतक की पत्नी मुन्नी देवी की तहरीर पर खीरी पुलिस ने दामाद कमल, सोनू और रंजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपी ने जारी किया वीडियो
कस्बा खीरी में ससुर की हत्या के आरोपी कमल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर आरोपी ने हत्या की वजह भी बताई। वायरल वीडियो में आरोपी कमल ने कहा कि परिवारिक विवाद और दुश्मनी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी का दावा है कि उसकी पत्नी से विवाद के बाद हुए घटनाक्रम और परिवार में चली आ रही रंजिश के कारण उसने बदला लिया है। वीडियो में आरोपी यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि उसने अपनी दुश्मनी का बदला ले लिया है। इसमें हमारे किसी दोस्त या रिश्तेदार का कोई हाथ नहीं है। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।




साइन इन