लव मैरिज के डर से जल्लाद बना पिता, बहन-बहनोई के साथ मिलकर बेटी के किए 6 टुकड़े; ट्रेन में मिला शव
छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में बक्से के अंदर मिली सिर कटी लाश का खुलासा हो गया है। ये लाश वाली 16 वर्षीय शबा की थी। शबा की हत्या उसके पिता विग्गन ने अपने बहनोई और बहन के साथ मिलकर की थी। विग्गन ने बेटी को बांके से छह टुकड़ों में काटकर सिर घर से कुछ दूरी पर तलाब में फेंका था।

UP News: यूपी के लखनऊ स्थित गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस (15114) के स्लीपर कोच में बक्से के अंदर मिली सिर कटी लाश का खुलासा हो गया है। ये लाश कुशीनगर जनपद के सेवरही इलाके की रहने वाली 16 वर्षीय शबा की थी। शबा की हत्या उसके पिता विग्गन ने अपने बहनोई और बहन के साथ मिलकर की थी। जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर जीआरपी ने शबा के पिता, फूफा और बुआ को गिरफ्तार कर लिया। विग्गन ने बहन और बहनोई के साथ मिलकर बेटी को बांके से छह टुकड़ों में काटा था। सिर घर से कुछ दूरी पर तलाब में फेंका और पांच टुकड़े बक्से व बोरे में भरकर ट्रेन में रख दिए थे।
पुलिस अधीक्षक रेलवे रोहित मिश्रा ने बताया कि शबा एक दूसरे धर्म के लड़के से फोन पर बातचीत करती थी। इस कारण उसके पिता उससे नाराज रहते थे। शबा उसी लड़के से शादी करना चाहती थी। इससे नाराज होकर विग्गन ने अपने बहनोई मजबुल्लाह और बहन नूरजहां के साथ मिलकर बेटी की हत्या की साजिश रची थी। उसने योजनाबद्ध तरीके से हत्या की। साजिश के तहत विग्गन ने घटना से पांच दिन पहले अपनी पत्नी और दोनों बेटों को एक रिश्तेदार के घर भेज दिया। घर पर केवल शबा और उसकी बूढ़ी मां थीं। 16 मई को विग्गन ने अपनी बहन नूरजहां और बहनोई मजबुल्लाह को पडरौना से बुलाया। इसके बाद धारदार हथियार (बांके) से शबा को काटकर उसके छह टुकड़े किए। पहले गर्दन से सिर काटा। फिर दोनों हाथ और दोनों पैर काटे थे।
शबा के सिर को काटकर गांव के ही एक तालाब में फेंक दिया, जबकि धड़ वाले हिस्से को पुराने कपड़ों और प्लास्टिक में लपेटकर एक बड़े बक्से में बंद कर दिया। इसके बाद तीनों आरोपी ई-रिक्शा से तमकुहीराज रोड स्टेशन पहुंचे और छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच (एस-1) में बक्से को लावारिस छोड़ कर भाग निकले। रेलवे एसपी रोहित मिश्र ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन मृतका का सिर अभी बरामद नहीं हुआ है, जिसकी तलाश के लिए तालाब में खोज जारी है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी कि इस साजिश में कोई और तो शामिल नहीं था। साथ ही मृतका की मां और भाइयों से भी पूछताछ होगी।
जीआरपी की पूछताछ में आरोपी विग्गन ने बताया कि उसकी तीन बेटियां और दो बेटे हैं। दो बेटियों ने पहले ही उसकी मर्जी के खिलाफ जाकर दूसरे धर्म के युवकों से प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद उसकी तीसरी बेटी शबा भी गैर-धर्म के एक युवक से लगातार फोन पर बात करती थी। विग्गन को डर था कि वह भी अपनी बहनों की तरह भागकर शादी कर लेगी। कई बार समझाने और मना करने के बाद भी जब शबा नहीं मानी, तो समाज में बदनामी के डर से विग्गन ने उसकी हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली।
स्लीपर में घुसकर रखा शव, एसी कोच से निकले थे
17 मई को जब ट्रेन गोमतीनगर पहुंची, तो लावारिस बक्से से शव बरामद हुआ। घटना के खुलासे के लिए रेलवे एसपी ने तीन विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह की टीम को ट्रेन के एसी कोच में लगे सीसीटीवी कैमरे से बड़ा सुराग मिला। फुटेज में बक्सा रखने के बाद तीनों संदिग्ध ट्रेन के एसी कोच से होकर बाहर निकलते हुए कैद हो गए थे। इसी सुराग और सर्विलांस की मदद से जीआरपी ने तमकुही रोड स्टेशन के पास से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल दो बांके भी बरामद कर लिए गए हैं।




साइन इन