सौहार्द से बनाए ईद-उल अजहा, अफवाह फैलाने वालों से बचें: एसडीएम
Meerut News - ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए तहसील सभागार में शांति समिति की बैठक हुई। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का निर्देश दिया। उन्होंने उत्तेजक गतिविधियों से बचने की अपील की और अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने की बात कही। बैठक में कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को तहसील सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुर्बानी स्थलों पर साफ-सफाई, जल निकासी और कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीओ आशुतोष कुमार ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी नहीं की जाएगी और सभी लोग धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखें। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की उत्तेजक गतिविधियों से बचने की अपील की। एसडीएम ने पालिका ईओ दीपिका शुक्ला और प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप को आमजन से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में शहर काजी मुफ्ती शाकिर, सूर्यदेव त्यागी, समर कुरैशी, ठाकुर प्रीतीश, एनुददीन शाह, पंकज जैन, सुहेल इशाक कुरैशी, एडवोकेट आरिफ अली, अफताब अंसारी, ललित गुप्ता, शावेज अंसारी, इमरान ठाकुर, नायब तहसीलदार भूपेन्द्र कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन