'नीला ड्रम' कांड: शिमला के होटल मैनेजर ने कोर्ट में की मुस्कान-साहिल की पहचान; गवाही से बढ़ीं मुश्किलें
मेरठ के नीला ड्रम कांड के नाम से मशहूर सौरभ हत्याकांड में शिमला के होटल मैनेजर ने कोर्ट में गवाही देते हुए मुख्य आरोपी मुस्कान और साहिल की पहचान की है। मैनेजर की गवाही से दोनों के खिलाफ केस और मजबूत हो गया है।

UP News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश को दहला देने वाले मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड में कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला जज की अदालत में चल रही सुनवाई के दौरान गुरुवार को एक महत्वपूर्ण मोड़ आया, जब शिमला से आए एक होटल मैनेजर ने कटघरे में खड़े मुख्य आरोपी मुस्कान और साहिल को पहचान लिया। इस गवाही ने उस थ्योरी को मजबूती दी है कि हत्या के बाद आरोपी किस तरह बेखौफ होकर छुट्टियां मना रहे थे।
कत्ल के बाद शिमला में मनाई थी छुट्टियां
ब्रिटेन की एक बेकरी में काम करने वाले ब्रह्मपुरी निवासी सौरभ राजपूत की हत्या 3 मार्च 2025 की रात को उनकी पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट से जमा दिया गया था। खौफनाक बात यह है कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के अगले ही दिन, यानी 4 मार्च को मुस्कान और साहिल टैक्सी करके हिमाचल प्रदेश घूमने निकल गए थे।
होटल मैनेजर की पुख्ता गवाही
गुरुवार को कोर्ट में शिमला के 'होटल लॉर्ड्स ग्रे' के मैनेजर देवेंद्र सिंह को गवाही के लिए बुलाया गया। देवेंद्र सिंह ने न्यायाधीश के समक्ष बयान दिया कि मुस्कान और साहिल 5 मार्च से 7 मार्च 2025 तक उनके होटल में रुके थे। मैनेजर ने न केवल आरोपियों की पहचान की, बल्कि अदालत को वह होटल रजिस्टर भी दिखाया जिसमें दोनों की एंट्री दर्ज थी।
मैनेजर ने कोर्ट को बताया कि पुलिस जांच के दौरान उन्होंने रजिस्टर की कॉपी और सीसीटीवी फुटेज पहले ही सौंप दी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश नहीं की थी और वे सामान्य पर्यटकों की तरह वहां ठहरे थे।
अगली गवाही कसौल से
वादी पक्ष के अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह के अनुसार, शिमला के गवाह की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब अगली सुनवाई पर हिमाचल के ही कसौल स्थित उस होटल के मैनेजर की गवाही होगी, जहाँ आरोपियों ने अपनी फरारी का अगला हिस्सा बिताया था।
मामले का संक्षिप्त इतिहास
सौरभ राजपूत फरवरी 2025 में अपना पासपोर्ट रिन्यू कराने भारत आए थे। उनकी गैर-मौजूदगी में पत्नी मुस्कान का साहिल से प्रेम संबंध विकसित हो गया था। रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर सौरभ की हत्या की। हत्याकांड का खुलासा 15 दिन बाद 18 मार्च 2025 को तब हुआ जब सौरभ की तलाश शुरू हुई। मुस्कान ने खुद अपनी मां को हत्याकांड के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस की ने नीले ड्रम से टुकड़ों में शव बरामद किया तो सनसनी फैल गई थी। पूरे देश में इस हत्याकांड की चर्चा कई दिनों तक हुई।




साइन इन