सिर धड़ से अलग, सीने पर चाकू के कई निशान, सौरभ को मुस्कान ने ऐसे मारा, डाक्टर की गवाही
मेरठ के नीला ड्रम कांड में गुरुवार को कोर्ट में गवाही हुई। सौरभ का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने कोर्ट में मुस्कान की क्रूरता की दास्तां बयां किया। बताया कि सौरभ के सिर को धड़ से अलग किया गया था। कलाइयां के पास से हाथ काटा गया था। सीने पर कई बार चाकू मारे गए थे।

मेरठ के सौरभ हत्याकांड में पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर दिनेश सिंह की गुरुवार को जिला जज कोर्ट में गवाही हुई। उन्होंने बताया कि सौरभ की लाश तीन हिस्सों में थी और शरीर पर चोट के पांच निशान थे। लाश 12 से 14 दिन पुरानी थी और त्वचा कई जगह सीमेंट से चिपक कर उधड़ चुकी थी। यह भी बताया कि सिर धड़ से काटकर पूरी तरह से अलग किया गया था। सीने पर चाकू के निशान थे और चाकू घोंपने के कारण मौत हुई।
ब्रह्मपुरी निवासी सौरभ राजपूत की 3 मार्च 2025 की रात पत्नी मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। कत्ल के बाद आरोपियों ने सौरभ के दोनों हाथ कलाई से काट दिए और सिर धड़ से काटकर अलग कर दिया। लाश को नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से जमा दिया था। हत्या कर साहिल-मुस्कान चार मार्च की शाम हिमाचल फरार हो गए थे। 17 मार्च को दोनों वापस आए और 18 मार्च को हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने साहिल, मुस्कान को गिरफ्तार कर लाश बरामद की थी। 19 मार्च को दोनों हत्यारोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके बाद से दोनों जेल में हैं।
इस मामले में सुनवाई जिला जज संजीव पांडे की कोर्ट में चल रही है। सौरभ के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. दिनेश सिंह की कोर्ट में गुरुवार को गवाही हुई। डॉ. दिनेश सिंह 12वें गवाह हैं और इससे पहले 11 गवाह की गवाही पूरी हो चुकी है।
कोर्ट में डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि सौरभ की लाश तीन टुकड़ों में मिली थी और मृतक के शरीर पर चोट के पांच निशान थे। दो निशान कलाई, एक धड़-गर्दन और दो सीने पर थे। सीने में चाकू घोंपकर हत्या की गई थी। इसके बाद सिर को धड़ से काटकर अलग कर दिया गया था। दोनों हाथ भी कलाई से काटे गए थे। लाश सड़ने की स्थिति में पहुंच चुकी थी और 12 से 14 दिन पुरानी थी।
शरीर पर जगह-जगह सीमेंट लगा था और त्वचा सीमेंट के कारण उखड़ चुकी थी। बताया कि लाश पर बनियान, गर्म इनर, एक अंडरवियर, दायें पैर में एक मोजा था। बाल, नाखून,दांत असानी से खिंचने लगे थे। सीधी आंख खुली हुई, बाईं आंख बंद, मुंह आधा खुला हुआ था। इस दौरान मुस्कान-साहिल की वकील रेखा जैन और सौरभ के वकील विजय बहादुर सिंह दोनों मौजूद रहे।
दोनों पक्ष के वकील ने पूछे सवाल
सौरभ पक्ष के वकील विजय बहादुर सिंह ने डॉक्टर से कोर्ट में सवाल पूछे। अधिवक्ता रेखा जैन ने भी कई सवाल किए। अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह ने बताया मुकदमे में अभी तक 12 गवाहों की गवाही हो चुकी है। इस केस को फास्ट ट्रैक की तरह चलाया जा रहा है। जल्द गवाहों की गवाही पूरी कराने का प्रयास किया जा रहा है।




साइन इन