नीला ड्रम कांडः मुस्कान को देख फफक पड़ी सौरभ की मां, बच्ची और साहिल के साथ कोर्ट में पेशी
मेरठ के सनसनीखेज 'नीला ड्रम हत्याकांड' की मुख्य आरोपी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल की मंगलवार को कोर्ट में पेशी हुई। इस दौरान मृतक सौरभ की मां मुस्कान को देखकर फफक पड़ीं।

UP News: पति सौरभ को प्रेमी साहिल के साथ मिलकर मारने और शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में भरने वाली मुस्कान की मंगलवार को कोर्ट में पेशी हुई। बच्ची को गोद में लिए साहिल के साथ कोर्ट परिसर में मु्स्कान के दाखिल होते ही सौरभ की मां फफक पड़ी। मां ने रोते हुए कहा कि इसी ने मेरे बेटे का कत्ल करके हमारे हंसते खेलते परिवार को तबाह कर दिया। मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा देने की मांग भी दोबारा दोहराई। वहीं, सौरभ के भाई राहुल ने बताया कि कोर्ट में सभी लोगों ने सच का साथ दिया और मुस्कान-साहिल के खिलाफ गवाही दी है। उम्मीद है कि इंसाफ मिलेगा और दोनों को फांसी की सजा मिलेगी। भाई ने बताया कि मुस्कान जिस बच्ची को गोद में लेकर आई, वो साहिल की है। बच्ची के डीएनए जांच की भी मांग की जाएगी।
दोपहर करीब 2.30 बजे के आसपास जैसे ही मुस्कान और साहिल को कोर्ट लाया गया, रेनू का गुस्सा फूट पड़ा। मुस्कान को देखकर रेनू फफक पड़ी और कातिल कहकर चिल्लाने लगी। कहा कि इन्होंने ही बेटे सौरभ की हत्या की है। आरोप लगाया कि इस हत्या में मुस्कान के मां-बाप और भाई-बहन भी शामिल थे। सभी ने साजिश करके हत्या की, लेकिन पुलिस ने सभी को बचा दिया। तर्क दिया कि इन्होंने ही मुस्कान को पुलिस को सौंपा था। रेनू ने आरोप लगाया कि मुस्कान को पुलिस को इसलिए दिया, ताकि बाकी लोगों को बचाया जा सके। रोते हुए रेनू बोली कि मेरा बेटा मुस्कान को हर माह 50 हजार रुपये देता था, फिर भी उसे मार दिया।
भाई बोला, पूरी प्लानिंग और गहरी साजिश के तहत की हत्या
कोर्ट परिसर में राहुल ने कहा कि सौरभ की हत्या पूरी प्लानिंग और गहरी साजिश के तहत की गई थी। आरोपियों ने उसके भाई की हत्या कर लाश के टुकड़े कर दिए। इसके बाद भी चैन नहीं आया तो लाश की दुर्गति कर दी और सीमेंट से जमा दिया। घटना के बाद हम लोग अवसाद में आ गए थे, इसलिए पुलिस ने इसका फायदा लिया और मुस्कान के परिजनों को बचा दिया।मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा होनी चाहिए।
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि पिछले साल होली के ठीक पहले वारदात को अंजाम दिया गया था। लंदन में रहने वाले सौरभ के घर आने पर मुस्कान ने बेरहमी से हत्या की और शव के टुकड़े करके नीले ड्रम में भरकर ऊपर से सीमेंट का घोल डाल दिया था। यही नहीं, हत्या के बाद ड्रम को घर में ही छोड़कर प्रेमी सौरभ के साथ घूमने के लिए हिमाचल चली गई थी। काफी दिनों तक सौरभ का कुछ पता नहीं चलने और हिमाचल के मुस्कान के लौटने पर मामले का खुलासा हुआ तो सभी सन्न रह गए। मामला पूरे देश में चर्चा का विषय भी बना था। माना जा रहा है कि मामले में जल्द ही कोर्ट अपना फैसला सुना सकता है।




साइन इन