भागने वाली हर औरत का यही अंजाम करूंगा, एलानिया कत्ल के बाद हत्यारे का वीडियो वायरल
मेरठ में पत्नी के प्रेमी का एलानिया कत्ल के बाद दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। एक में हत्या की वारदात है और दूसरे में हत्यारे का कबूलनामा और धमकी है। हत्यारे ने अपनी पत्नी को भी मारने की धमकी दी है।

यूपी के मेरठ में पत्नी के प्रेमी की ऐलानिया हत्या के बाद दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। एक हत्या का लाइव वीडियो है। दूसरा हत्यारे के कबूलनामे के साथ धमकी वाला वीडियो है। हत्यारे प्रदीप ने सुनील की हत्या के बाद अपना ही वीडियो बनाकर जुर्म कबूल किया। इसके साथ पत्नी की हत्या का भी ऐलान किया और धमकी दी कि जो भी महिला घर छोड़कर जाएगी, उसका यही अंजाम करूंगा। प्रदीप ने वीडियो में साफ कहा कि उसे हथियार उठाने के लिए हस्तिनापुर पुलिस ने मजबूर किया था।
हत्या के लाइव वीडियो में प्रदीप मुंह पर सफेद कपड़ा बांधे हुए तमंचे के साथ आते हुए दिखाई दे रहा है। सुनील ने जैसे ही अपनी बाइक स्टार्ट की, प्रदीप ने पीछे कमर में पहली गोली मार दी। इसके बाद सुनील जमीन पर जा गिरा। प्रदीप ने दोबारा तमंचा लोड कर दूसरी गोली सुनील के सिर में और तीसरी गोली कनपटी पर मारी। कत्ल के बाद प्रदीप के वीडियो वायरल होने के बाद सनसनी फैली हुई है।
हत्या के दौरान मूकदर्शक बनी रही भीड़
सुनील की हत्या के लाइव वीडियो में दिख रहा है कि वारदात के समय आसपास काफी भीड़ थी, लेकिन कोई प्रदीप को बचाने के लिए सामने नहीं आया। तमाम लोग मूकदर्शक बने रहे और आंखों के सामने हत्या की वारदात देखी।
सुनील की हत्या करने के बाद प्रदीप ने अपना एक वीडियो वायरल किया है। वीडियो में वह कह रहा है कि मुझे अपनी मौत की परवाह नहीं है। उसको मार के आया हूं। सुनील को तीन गोलियां मारी हैं। 315 और 312 बोर की गोली से वारदात की है। मेरा कोई परिचित, परिजन या फिर यार दोस्त इस घटना के लिए जिम्मेदार नहीं है। हथियार ये रहे मेरे पास और इन्हें अब नहर में जाकर फेंक दूंगा। मेरी वीडियो वायरल कर दो।
आगे धमकी देते हुए कहता है कि जो भी महिला इस तरह से घर से भागेगी, उसका ऐसा ही इंतजाम करूंगा। गोली मारकर कत्ल कर दूंगा। अब अपनी पत्नी को भी मारूंगा। यह वीडियो बहसूमा, फलावदा और हस्तिनापुर पुलिस को भेज दो। एसएसपी मेरठ को भी पहुंचा दो यह वीडियो। यह मेरी वीडियो वायरल कर दो। जो भी महिला घर से भागेगी, तो मुझे फोन करो। मैं अपने घर से बेदखल हूं और घर छोड़कर भागने वाली महिलाओं को मार डालूंगा। मेरे हाथ में ढाई मीटर कफन है, जिसे मैं सिर पर बांधकर चल रहा हूं। सुनील आज मुझे डेढ़ साल में मिला और मैंने आज उसे मार डाला। अब मैं अपनी पत्नी को भी मारूंगा।
आगे कहता है कि मैं प्रशासन और पुलिस से नहीं डरता। पुलिस प्रशासन ने यदि घर छोड़कर भागने वाली महिलाओं पर कदम नहीं उठाया तो इन सबको मार डालूंगा। मुझे हथियार उठाने के लिए हस्तिनापुर में मजबूर किया। दरोगा एके शर्मा और दरोगा अनिल कुमार ने मेरी मदद नहीं की, मुझे आरोपियों के कोर्ट के कागज नहीं दिए गए। मुझे हथियार मानपुर के जीत सिंह और हनी सिंह ने दिलाये।
सूचना पर दौड़ी पुलिस
हत्या की सूचना पर बहसूमा पुलिस मौके पर दौड़ी। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ मवाना पंकज लवानिया मौके पर पहुंचे। फिलहाल हत्या का खुलासा और हत्यारोपियों की धरपकड़ के लिए स्वाट टीम को लगाया गया है।
कुछ समय पहले हत्या का ऐलान किया था
सुनील का सनौता निवासी प्रदीप की पत्नी पूनम से प्रेम प्रसंग था। एक साल पहले सुनील और पूनम घर से भाग गए थे और दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली थी। इसी के चलते प्रदीप और सुनील के बीच रंजिश चल रही थी। प्रदीप ने कुछ ही समय पूर्व सुनील को कत्ल करने का ऐलान भी किया था। साफ कहा था कि वह बदला लेकर रहेगा। इसी रंजिश में प्रदीप ने बुधवार दोपहर को सुनील को घेरकर हत्या कर दी। गोली मारने के बाद आरोपी ने कहा कि मैंने बदला ले लिया। मृतक के चचेरे भाई विक्की पुत्र नानक चंद ने मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोपी के घर दबिश, नहीं लगा हाथ
पुलिस की टीम ने प्रदीप के घर पर दबिश दी। हालांकि आरोपी घर से फरार मिला। पुलिस का मानना है कि प्रदीप ने ही साथियों के साथ वारदात की और इसके बाद फरार हो गया। इस मामले में फिलहाल दो टीम को खुलासे के लिए लगाया गया है। परिजनों ने घटना के विरोध में हंगामा किया और जाम लगाने की चेतावनी दी। इसी को लेकर हस्तिनापुर और फलावदा थाने की पुलिस को भी बहसूमा थाने पर लगाया गया है, ताकि स्थिति न बिगड़ जाए।
एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार सुनील उर्फ सुरेंद्र नाम के व्यक्ति की हत्या गोली मारकर की गई है। पुलिस की दो टीमों को हत्या का खुलासा करने के लिए लगाया गया है। परिजनों ने तहरीर दी है, जिस पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।




साइन इन