मेरठ ट्रिपल मर्डर: बहन ही निकली ठरकी भाई की कातिल, शराब में साइनाइड मिलवाकर मरवाया
मेरठ में शराब पीने से तीन लोगों की मौत मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। अंकित की बहन ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। दरअसल, उसने ही ठरकी भाई अंकित की शराब में साइनाइड मिलाया था, जिसे पीने से तीन लोगों की मौत हो गई थी।

UP News: यूपी के मेरठ के दौराला में शराब पीने से तीन लोगों की मौत मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। घटना को अंकित की बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया। दरअसल, उसने ही ठरकी भाई अंकित की शराब में साइनाइड मिलाया था, जिसे पीने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने अलका, उसके प्रेमी पवन और साइनाइड देने वाले सुनार अशोक को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि दौराला में तीन अप्रैल की रात शराब पीने से अंकित उर्फ दौलत, बाबूराम और जितेंद्र की मौत हुई थी। पोस्टमार्टम में साइनाइड से मौत की बात सामने आई। पता चला कि शराब अंकित लाया था। जांच में पवन का नाम आया। पवन ने बताया कि अलका से उसका प्रेम प्रसंग था। अंकित नशे में अलका को पीटता था। उसने अलका की इज्जत पर भी हाथ डाला था। इस पर अंकित की हत्या का प्लान बनाया। सुनार अशोक उर्फ सोनी से 500 रुपये में साइनाइड खरीदकर अलका को दिया। अलका ने शराब में साइनाइड मिलाया।
पवन के मोबाइल की गूगल सर्च हिस्ट्री से खुला राज
ट्रिपल मर्डर में गूगल सर्च हिस्ट्री से पूरा केस खुल गया। पुलिस ने हत्यारोपी पवन के मोबाइल की जांच की तो खुलासा हुआ कि उसकी गूगल सर्च हिस्ट्री में पिछले करीब एक माह से साइनाइड और बाकी जहर को लेकर जानकारी की जा रही थी। साइनाइट को कैसे आसानी से लिया जा सकता है और कैसे उपयोग करते हैं, इन बातों की जानकारी पवन कर रहा था। पुलिस ने पवन से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद पूरा केस खुल गया।
प्रेम प्रसंग का विरोध करता था अंकित
तीन अप्रैल को अंकित, बाबूराम और जितेंद्र की शराब पीने के बाद मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान अंकित की बहन अलका, अंकित के दोस्त पवन और कुछ अन्य लोगों से पूछताछ की। पुलिस को ये भी जानकारी मिली कि पवन और अलका के बीच प्रेम प्रसंग था और अंकित इस बात को लेकर विरोध करता था। शराब पीकर कई बार अलका के साथ इसी बात को लेकर मारपीट भी कर चुका था। ऐसे में पुलिस का शक पवन पर गहरा गया था।
सीसीटीवी से भी मिले सबूत
पवन ने पुलिस को बताया कि उसने दो अप्रैल को परिचित कल्लू को 100 रुपये देकर शराब मंगवाई थी। इसी शराब में साइनाइड मिलाकर दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी की जांच की तो कल्लू ठेके पर शराब खरीदते हुए दिखाई दिया है। इसके अलावा तीन अप्रैल को जब वारदात से पहले पवन ने अलका से फोन पर बात की थी। अलका ने ही पवन को बताया कि रजवाहे के रास्ते से उसका भाई अंकित स्पेलर पर तेल लेने जाएगा। इसके बाद पवन ने रजवाहे पर अंकित को शराब दी थी।
पुलिस को चार घंटे घुमाती रही अलका
पवन ने हत्या करने की बात कबूल कर ली थी, लेकिन अलका पूरी घटना से पल्ला झाड़ती रही। अलका ने साफ कहा कि उसने कोई हत्या नहीं की और न ही किसी साजिश में शामिल रही। चार घंटे तक पुलिस मशक्कत करती रही। आखिर में तमाम साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने पवन के साथ अलका का सामना कराया। इसके बाद ही अलका टूट गई और साजिश का खुलासा किया। पवन ने पूछताछ में खुलासा किया कि अलका से उसका 24 साल से प्रेम प्रसंग था। अलका ने बताया था कि अंकित शराब पीकर मारपीट करता था। कुछ माह पूर्व उसने अलका की इज्जत पर भी हाथ डाला था। उसने इस बात की जानकारी पवन को दी और अंकित की हत्या का प्लान बनाया। इसके बाद पवन ने अपने परिचित सुनार अशोक उर्फ सोनी से संपर्क किया और जहर के बारे में जानकारी ली।
जेवर की सफाई के काम आता है साइनाइड
सुनार जेवर की सफाई, पॉलिशिंग और सोने पर परत चढ़ाने के लिए पोटेशियम साइनाइड या सोडियम साइनाइड जैसे रसायनों का उपयोग करते हैं। यह बहुत हल्का घोल होता है जो गंदगी को हटाकर सोने को चमकाता है, लेकिन यह अत्यंत विषैला होता है।




साइन इन