शादी के बाद लौट रही महिला दारोगा से लूटपाट, पति-परिजनों के सामने ही कार ओवरटेक कर वारदात
मेरठ-बागपत हाईवे पर दिल्ली पुलिस की महिला दरोगा से कार सवार बदमाशों ने लूटपाट की। शादी के बाद पति के साथ लौट रही दरोगा को ओवरटेक कर रोका गया और सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया।

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस के इकबाल को चुनौती देते हुए दिल्ली पुलिस में तैनात एक महिला दरोगा के साथ सरेराह लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है। मेरठ-बागपत हाईवे पर कार सवार बदमाशों ने महिला दरोगा की कार को ओवरटेक कर रोका और उनके पति व परिजनों के सामने ही सोने के जेवर लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश आसानी से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
शादी की खुशियों के बीच बदमाशों का धावा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागपत जिले के डोलचा गांव निवासी सुनील यादव की बेटी रिंकी यादव दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (दारोगा) के पद पर तैनात हैं। रिंकी की शादी अभी हाल ही में 11 फरवरी को रामपुर के आगा नगर निवासी एक युवक के साथ हुई थी। रविवार देर शाम रिंकी यादव अपने पति और अन्य रिश्तेदारों के साथ क्रेटा कार से वापस अपने गांव लौट रही थीं। नवविवाहित जोड़ा शादी के बाद की रस्मों और खुशियों के साथ सफर कर रहा था, तभी बदमाशों ने उनकी खुशियों में खलल डाल दिया।
पीछा कर हाईवे पर ओवरटेक की वारदात
बागपत बाईपास से मेरठ-बागपत हाईवे की ओर मुड़ते ही एक संदिग्ध कार ने दारोगा की क्रेटा का पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही उनकी कार नंगला जमालपुर के समीप पहुंची, पीछे से आ रहे बदमाशों ने अपनी गाड़ी को तेजी से आगे निकाला और दरोगा की कार को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि कार सवार कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन्हें हथियारों के बल पर डराकर लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने महिलाा दारोगा से दो सोने की चेन और अंगूठी छीन ली। विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
एक महिला दारोगा के साथ हाईवे पर हुई इस लूट की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने जानी थाने पहुंचकर तहरीर दी। जानी थाना प्रभारी अखिलेश मिश्र ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध कार और बदमाशों की पहचान के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, इस घटना ने हाईवे पर रात्रि सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।




साइन इन