aligarh school bus accident manager arrested girl death broken floor rto official suspended news बस के टूटे फर्श से गिरकर बच्ची की मौत; स्कूल प्रबंधक भी गिरफ्तार, केयरटेकर पर केस, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बस के टूटे फर्श से गिरकर बच्ची की मौत; स्कूल प्रबंधक भी गिरफ्तार, केयरटेकर पर केस

अलीगढ़ के माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल की खटारा बस के टूटे फर्श से गिरकर 7 वर्षीय छात्रा अनन्या की मौत के मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधक अरविंद यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। केयरटेकर पर भी केस दर्ज किया गया है।

Tue, 3 March 2026 08:56 AMYogesh Yadav गंगीरी (अलीगढ़), संवाददाता
share
बस के टूटे फर्श से गिरकर बच्ची की मौत; स्कूल प्रबंधक भी गिरफ्तार, केयरटेकर पर केस

अलीगढ़ में दादों थाना क्षेत्र के माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल की बस के टूटे फर्श से गिरकर बच्ची की गैर-इरादतन हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रबंधक को भी गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को प्रबंधक व चालक को जेल भेज दिया। इसके अलावा मामले में आरटीओ की ओर से दी गई तहरीर पर भी पुलिस ने स्कूल की केयरटेकर (अंडरटेकिंग) रीना यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अतरौली क्षेत्र के गांव मुड़ियाखेड़ा निवासी रवि कुमार वर्तमान में थाना गंगीरी के पास हुसैपुर देहमाफी में रहते हैं। इनकी सात साल की बेटी अनन्या दादों के गांव कसेर भूडिया स्थित माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल में यूकेजी में पढ़ती थी। शनिवार को छुट्टी के बाद बच्ची स्कूल की बस से लौट रही थी। बस जर्जर अवस्था में थी। इसके पिछले टायरों के ऊपर वाली सीट के नीचे का फर्श टूटा हुआ था, जिसमें बड़े गड्ढे के बराबर छेद था। रास्ते में कासगंज के ढोलना क्षेत्र के गांव नगला बंजारा के पास चलती बस से बच्ची फर्श के छेद में से नीचे टायरों पर गिर गई। पहिये से कुचलने से उसकी मौत हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्कूल बस की टूटी फर्श से गिरकर मासूम की मौत के बाद ऐक्शन, RTO समेत दो सस्पेंड

इसके विरोध में परिजनों व ग्रामीणों ने गंगीरी चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। अगले दिन मामले में बच्ची के पिता की तहरीर पर दादों क्षेत्र के गांव मुड़िया निवासी प्रबंधक अरविंद यादव व कासगंज के ढोलना क्षेत्र के गांव बिरहरा निवासी बस चालक चंद्रप्रकाश के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसमें कहा था कि बस की दिक्कतों के संबंध में कई बार पेरेंट्स मीटिंग में प्रबंधक अरविंद कुमार से शिकायत की। बस के जर्जर होने व एक हेल्पर की जरूरत बताई। लेकिन, कोई संज्ञान नहीं लिया गया। चालक को पुलिस ने रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया था।

तीन नोटिस भेजे, 27 हजार का चालान भी काटा

आरटीओ दीपक कुमार शाह ने तहरीर में कहा है कि माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल की बस (यूपी 81 बीटी 8873) के परमिट की वैधता 19 सितंबर 2024 को समाप्त हो गया था। आरटीओ कार्यालय की ओर से 20 फरवरी 2025, 19 जून 2025 व 20 सितंबर 2025 को वाहन के प्रपत्र समाप्त होने के कारण विद्यालय प्रबंधक व प्रधानाचार्य को नोटिस दिए थे। साथ ही पूर्व में भी एआरटीओ कासगंज ने वाहन पर नौ मार्च 2024 को 27 हजार रुपये का जुर्माना व चालान किया था। इसके बावजूद वाहन स्वामी ने प्रपत्र को सही नहीं कराया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बस में बच्ची के साथ जो हुआ सोच भी नहीं सकता था कोई, भाई चिल्लाया-अंकल गाड़ी रोको
ये भी पढ़ें:चलती स्कूल बस की जर्जर फर्श से गिरी छह साल की बच्ची, टायर तले कुचलकर मौत

वहीं, बीएसए की ओर से भी सभी विद्यालयों को वाहन की सुरक्षा व्यवस्था, कानूनी व तकनीकी मानकों के पालन व जिम्मेदारी तय करने संबंधी निर्देश दिए थे। प्रबंधक की पत्नी व स्कूल की अंडरटेकिंग रीना यादव की बस ने कोई मानक पूरे नहीं किए और विपरीत परिस्थितियों में संचालन किया, जिससे बच्ची की मौत हो गई।

आरटीओ व तत्कालीन आरआई को किया था निलंबित

बिना परमिट व बिना बीमा दौड़ रही स्कूल बस से बच्ची की मौत के मामले में शासन ने आरटीओ वंदना सिंह व तत्कालीन संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) चंपालाल को निलंबित कर दिया था। चंपालाल वर्तमान में सिद्धार्थनगर में एआरटीओ के पद पर तैनात थे। वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने स्कूल के प्रबंधक व प्रधानाचार्य को बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस में कहा गया है कि एक सप्ताह में संतोषजनक स्पष्टीकरण न देने पर स्कूल की मान्यता रद्द की जाएगी।

सीओ छर्रा संजीव कुमार तोमर के अनुसार बच्ची की मौत के मामले में स्कूल प्रबंधक अरविंद को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसे व चालक को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया है। आरटीओ की ओर दी गई तहरीर पर भी दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।