lucknow school student shot dead birthday party classmate family booked murder बर्थ-डे पार्टी में 12 साल के छात्र की गोली लगने से मौत, 13 साल के क्लासमेट पर हत्या का केस, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बर्थ-डे पार्टी में 12 साल के छात्र की गोली लगने से मौत, 13 साल के क्लासमेट पर हत्या का केस

लखनऊ के कृष्णानगर में 12 साल के छात्र उनैज खान की उसके दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में गोली लगने से मौत हो गई। छात्र के  क्लासमेट और माता-पिता पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया गया है।

Tue, 3 March 2026 05:57 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
बर्थ-डे पार्टी में 12 साल के छात्र की गोली लगने से मौत, 13 साल के क्लासमेट पर हत्या का केस

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में सोमवार को एक जन्मदिन की पार्टी मातम में बदल गई। बिरगवां क्षेत्र में आयोजित पार्टी के दौरान 12 वर्षीय छात्र उनैज खान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। गोली छात्र की कनपटी पर लगी और माथे को चीरती हुई निकल गई। मृतक के पिता ने बेटे के 13 वर्षीय क्लासमेट, उसके माता-पिता और परिजनों पर साजिश के तहत घर बुलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।

दोस्त के साथ कार से गया था जन्मदिन मनाने

पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) निपुण अग्रवाल के मुताबिक, अमौसी के बेहसा गांव निवासी जमीर खान का बेटा उनैज एक मिशनरी स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। जमीर खान, जो पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं, ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे उनैज का सहपाठी अपने ड्राइवर और तीन अन्य साथियों के साथ कार से उनके घर आया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:छोटे बेटे पर सवार था खून, कुल्हाड़ी से मां-बाप, बहन-दादी की हत्या; भाई मरणासन्न

वह उनैज को अपना जन्मदिन मनाने के लिए साथ ले गया। शाम करीब 7:30 बजे आरोपी छात्र के पिता ने उनैज के घर व्हाट्सएप ऑडियो कॉल कर धमकी भरे लहजे में कहा कि "तुम्हारा भाई लोकबंधु अस्पताल में है, वहां आ जाओ।" जब परिवार अस्पताल पहुंचा, तो उनैज वहां मृत अवस्था में मिला।

खेल-खेल में चली गोली या सोची-समझी साजिश?

घटना को लेकर दो अलग-अलग पक्ष सामने आ रहे हैं। शुरुआती जांच और चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी छात्र उनैज को नीचे खड़ी कार के पास ले गया था। वहां उसने कार में रखी अपने पिता की रिवॉल्वर निकाली और उसे दिखाने लगा। इसी दौरान अचानक गोली चल गई जो उनैज की कनपटी में जा लगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:होली पर घर लौट रहे लोगों के साथ हादसा, दो बसों की टक्कर में 3 की मौत, 31 घायल

दूसरी ओर, मृतक के पिता जमीर खान का आरोप है कि कुछ दिन पहले स्कूल में हुई पीटीएम (PTM) के दौरान आरोपी के पिता ने उन्हें धमकी दी थी। उनका दावा है कि पुरानी खुन्नस के चलते उनके बेटे को साजिश के तहत घर बुलाकर गोली मारी गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:रेप केस से बचने के लिए अपनी ही मौत का ड्रामा, दोस्त की हत्या कर कार समेत जलाया

पुलिस की कार्रवाई और जांच

डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी छात्र, उसके माता-पिता और अन्य परिजनों के खिलाफ हत्या (धारा 302/103) और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी सहपाठी समेत तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और रिवॉल्वर के लाइसेंस की भी जांच की जा रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि एक नाबालिग के हाथ में लोडेड रिवॉल्वर कैसे पहुंची, जो सुरक्षा में बड़ी चूक को दर्शाता है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।