12वीं की छात्रा को पिता ने ही गला घोंटकर मार डाला, बोला- लड़कों से करती थी बात
मेरठ में 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा को उसके ही पिता और सौतेली मां ने गला घोंटकर मार डाला। अपनी करतूत को छिपाने के लिए आननफानन में बेटी का अंतिम संस्कार भी कर दिया। लड़की के मामा की शिकायत पर पुलिस एक्टिव हुई तो पिता ने अपनी कास्तानी कबूल कर ली और बताया क्यों मार डाला।

यूपी में मेरठ के गोकुल धाम कॉलोनी में सनसनीखेज वारदात हुई है। 12वीं कक्षा की छात्रा को उसके पिता ने गला घोंटकर मार डाला। छात्रा की सौतेली मां ने भी वारदात में साथ दिया। हत्या के बाद आनन-फानन में लाश का ब्रजघाट पर अंतिम संस्कार भी कर दिया। जानकारी पर मृतका के मामा ने मेरठ एसएसपी को शिकायत की। छात्रा की एक वॉइस रिकॉर्डिंग भी एसएसपी को सुनाई, जिसमें छात्रा ने अपनी हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने हत्यारोपी के पिता और मां को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना कबूल किया है। आरोपी पिता का कहना है कि बेटी लड़कों से बात करती थी, जो पसंद नहीं था, इसलिए हत्या कर दी।
गोकुल धाम कॉलोनी में कपिल भारद्वाज परिवार के साथ रहते हैं। कपिल की पहली पत्नी प्रीति हापुड़ के न्यू पन्नापुरी मोहल्ले की रहने वाली थी। परिवार में दो बच्चे खुशबू और राधे हुए। प्रीति की 27 अप्रैल 2017 को मौत हो गई थी। इसके बाद कपिल भारद्वाज ने पिंकी नाम की महिला से दूसरी शादी की। पिछले कुछ दिन से खुशबू काफी परेशान थी।
उसने हापुड़ में रहने वाले अपने मामा भूपेंद्र शर्मा और ममेरे भाई को कॉल कर हत्या की आशंका जताई थी। खुशबू ने एक वॉइस रिकॉर्डिंग भी व्हाट्सएप पर अपने मामा को भेजी थी, जिसमें उसने कहा कि सौतेली मां बेरहमी से मारपीट करती है। खुशबू ने अपने मामा से कहा कि उसे मेरठ से ननिहाल ले जाए, वरना उसकी हत्या हो जाएगी।
सोमवार देर रात घर में हत्या, ब्रजघाट पर किया अंतिम संस्कार
खुशबू 12वीं कक्षा की छात्रा थी। सोमवार देर रात किसी समय खुशबू की घर के अंदर ही उसके पिता कपिल भारद्वाज और सौतेली मां पिंकी ने गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए लाश को मंगलवार सुबह ब्रजघाट ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। किसी भी रिश्तेदार को इस बारे में जानकारी नहीं दी गई। मेरठ से कुछ लोगों ने खुशबू के मामा भूपेंद्र शर्मा को कॉल किया और खुशबू की हत्या की जानकारी दी।
दोपहर के समय भूपेंद्र शर्मा मेरठ गोकुलधाम कॉलोनी स्थित कपिल भारद्वाज के मकान पर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। पता चला कि पूरा परिवार जागृति विहार में एक मकान पर गया है। भूपेंद्र शर्मा जागृति विहार के मकान पर पहुंचे। भूपेंद्र ने खुशबू की हत्या की बात की तो कपिल और उसके परिजनों ने हमला कर दिया।
एसएसपी से शिकायत, ऑडियो सुनाई
भूपेंद्र शर्मा ने मेरठ एसएसपी अविनाश पांडेय को घटना के संबंध में सूचना दी और भांजी की हत्या की आशंका वाली ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सुनवाई। एसएसपी के आदेश पर तुरंत ही भावनपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कपिल भारद्वाज और उनकी पत्नी पिंकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस कस्टडी में कपिल भारद्वाज ने बेटी का गला दबाकर हत्या करने की बात कबूली है। वारदात में पिंकी भी शामिल रही थी। दोनों ने साक्ष्य मिटाने के लिए लाश का अंतिम संस्कार कर दिया था।
एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार खुशबू नाम की छात्र की हत्या उसके पिता और मां ने मिलकर की। मृतका खुशबू के मामा की ओर से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है और कार्रवाई कराई जा रही है।




साइन इन