भाजपा नेता ने नशीला पदार्थ देकर महिला चिकित्सक की अश्लील वीडियो बनाई, केस दर्ज
यूपी में बिजनौर के भाजपा नेता ने नशीला पदार्थ देकर एक महिला डॉक्टर की अश्लील वीडियो बनाई है। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामला लखनऊ तक पहुंच गया है। भाजपा ने भी तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है।

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से सत्ताधारी दल भाजपा के एक बड़े पदाधिकारी की शर्मनाक करतूत का मामला सामने आया है। यहां चांदपुर क्षेत्र की एक महिला डॉक्टर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला मंत्री प्रभात यादव पर खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने और उनकी अश्लील वीडियो व तस्वीरें खींचने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि इन अश्लील सामग्रियों के दम पर आरोपी नेता पिछले काफी समय से उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था और उनका शारीरिक, मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न कर रहा था। महिला चिकित्सक की तहरीर पर पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पति की मौत के बाद मजबूरी का फायदा उठाने का आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित महिला डॉक्टर ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि करीब 10 महीने पहले उनके पति का देहांत हो गया था। पति की मौत के बाद से वे गहरे सदमे में थीं और अकेले ही अपना क्लीनिक संभाल रही थीं। इसी दौरान मरीजों को लाने-ले जाने के बहाने चांदपुर के भाजपा जिला मंत्री प्रभात यादव का उनके क्लीनिक और घर पर आना-जाना बढ़ गया।
आरोप है कि एक दिन प्रभात यादव ने हमदर्दी जताते हुए महिला डॉक्टर को खाने में कोई नशीला पदार्थ मिला कर दे दिया। जब वे पूरी तरह बेहोश हो गईं, तो आरोपी ने अपने मोबाइल से उनकी कई आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो व फोटो खींच लिए। होश में आने पर जब डॉक्टर को इस बात का पता चला तो आरोपी नेता उन्हें समाज में बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा और मोटी रकम वसूलने लगा।
पार्टी के भीतर मची खलबली, चांदपुर भाजपा दो गुटों में बंटी
लगातार बढ़ रही प्रताड़ना और धन की मांग से तंग आकर महिला चिकित्सक ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और पूरे मामले की जानकारी अपने परिवार को दी। इसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और खुद के लिए सुरक्षा की मांग की। इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आते ही स्थानीय स्तर पर भाजपा के भीतर खलबली मच गई है।
चांदपुर में भाजपा संगठन अब दो गुटों में बंटता नजर आ रहा है। पार्टी के एक गुट ने बाकायदा बैठक बुलाकर आरोपी पदाधिकारी प्रभात यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्थानीय भाजपाइयों का कहना है कि इस कृत्य से पार्टी की छवि धूमिल हुई है, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पदाधिकारी के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामला लखनऊ मुख्यालय पहुंचा, हाईकमान ने गठित की जांच कमेटी
महिला चिकित्सक के साथ ब्लैकमेलिंग और सत्ता के रसूख के दुरुपयोग का यह गंभीर मामला अब राजधानी लखनऊ तक पहुंच चुका है। विपक्षी दलों के हमलावर रुख और सोशल मीडिया पर बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए भाजपा हाईकमान ने मामले को गंभीरता से लिया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रांतीय नेतृत्व ने संगठन के स्तर पर सच्चाई का पता लगाने के लिए तीन सदस्यीय आंतरिक जांच समिति (कमेटी) का गठन किया है।
उधर, क्षेत्राधिकारी (सीओ) चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रभात यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




साइन इन