Lucknow debris was thrown from a hotel without looking manager head and ears were torn apart died होटल से बिना देखे नीचे फेंका मलबा, मैनेजर का सिर-कान फटा, मौके पर ही मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

होटल से बिना देखे नीचे फेंका मलबा, मैनेजर का सिर-कान फटा, मौके पर ही मौत

लखनऊ में राह चलते शोरूम मैनेजर के साथ दर्दनाक हादसा हुआ है। चिनहट इलाके में होटल से बिना देखे नीचे मलबा फेंक दिया गया। इससे मैनेजर का सिर और कान फट गया। मैनेजर को अस्पताल ले जाने की बजाय होटल वाले मलबा हटाते रहे और इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

Wed, 27 May 2026 06:59 AMYogesh Yadav लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता
share
होटल से बिना देखे नीचे फेंका मलबा, मैनेजर का सिर-कान फटा, मौके पर ही मौत

लखनऊ में दर्दनाक हादसा हुआ है। चिनहट इलाके के नौबस्ता कला की वसुंधरा विहार कॉलोनी में एक निर्माणाधीन ओयो होटल के दूसरे तल से मजदूरों ने सूखी सीमेंट की बोरी नीचे फेंक दी। बोरी गलियारे से गुजर रहे एक कार शोरूम के मैनेजर अनूप कुमार सिंह (35) के सिर पर गिरी। अनूप सड़क पर पड़ा तड़पता रहा। इसके बाद भी होटल मालिक और कर्मचारियों ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय एंबुलेंस बुलाने में और देरी कर दी जिससे उसकी जान चली गई। सिर फटने और कान से अधिक खून निकलने के कारण अनूप की मौत हो गई। अनूप के भाई ने होटल मालिक और कर्मियों पर धमकी देने का आरोप लगाया है।

अनूप मूल रूप से देवरिया के कुंडौली गांव के रहने वाले थे। अनूप यहां आईटी चौराहे के पास स्थित मारूती शोरूम में सर्विस मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। नौकरी के कारण यहां नौबस्ता कला की वसुंधरा विहार कालोनी में किराए के मकान में रहते थे। अनूप के भाई श्रेयांश के मुताबिक मोहल्ले में विशाल तिवारी का ओयो होटल है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गंगा एक्सप्रेस वे पर ट्रैक्टर में घुसी स्कॉर्पियो, किशोरी समेत 3 मरे, 5 घायल

होटल के दूसरे तल पर निर्माण कार्य चल रहा था। भाई गलियारे से गुजर रहा था। इस बीच दूसरे तल की छत से मजदूरों ने सीमेंट के सूखे टुकड़ों से भरी वजनी बोरी बिना देखे नीचे फेंक दी। बोरी भाई के ऊपर गिरी। वजनी बोरी गिरने से भाई का सिर फट गया। वह मौके पर गिर पड़ा। सिर और कान से खून निकल रहा था। शोर सुनकर आस पड़ोस के लोग दौड़े। होटल संचालक और कर्मचारी भाई को आनन फानन अस्पताल ले जाने के बजाय मलबा हटाते रहे।

एंबुलेंस को बुलाने और फोन करने में देरी करते रहे। काफी देर बाद भाई को लोहिया अस्पताल लेकर जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर चिनहट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि अभी मृतक पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। हादसा लापरवाही के कारण हुआ है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

होटल मालिक पर धमकी का आरोप

अनूप के भाई श्रेयांश ने बताया कि घटना के बाद होटल संचालक औैर कर्मचारी धमकी दे रहे हैं। उन्होंने धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो ठीक नहीं होगा। श्रेयांश के मुताबिक भाई परिवार में अकेला कमाने वाला था। भाई के परिवार में उनकी पत्नी ऋचा, दो बच्चे हैं। एक बच्चा तीन महीने का है। पिता कैंसर की बीमारी झेल रहे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है।

50 लाख मुआवजा और परिवार के सदस्य को नौकरी की मांग

श्रेयांश ने 50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य के लिए नौकरी की मांग की है। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। सीसी कैमरों से साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में होटल मालिक और उसके कर्मचारी अनूप को अस्पताल ले जाने के बजाय सड़क पर पड़ा मलबा हटा रहे हैं। जहां वह मलबा हटा रहे हैं अनूप वहीं पर खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।