दागियों को टिकट नहीं, सर्वजन को लड़ाएगी बसपा; मायावती ने बताया 2027 का चुनावी प्लान
यूपी विधानसभा 2027 को लेकर बसपा ने अपना रूख साफ कर दिया है।मायावती ने कहा है बसपा दूसरी पार्टियों की तरह आपराधिक तत्वों को कतई प्रश्रय नहीं देगी। सर्वजन की टिकटों में भागीदारी होगी। बसपा सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय पहचान रखने वाली पार्टी है।

यूपी विधानसभा 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपना रूख साफ कर दिया है। मायावती ने कहा है कि बसपा दूसरी पार्टियों की तरह आपराधिक तत्वों को कतई प्रश्रय नहीं देगी। सर्वजन की टिकटों में भागीदारी होगी। बसपा अपनी कथनी और करनी में 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय' की विशिष्ट पहचान रखने वाली पार्टी है। उन्होंने पार्टी के प्रत्याशियों को शार्टलिस्ट करते समय सर्वसमाज को उचित और समुचित प्रतिनिधित्व देने का भी सही से ख्याल रखने का निर्देश भी दिया।
मायावती ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में यूपी स्टेट व जिला कमेटी के छोटे-बड़े सभी पदाधिकारियों की बैठक में संगठन की ज़मीनी व आर्थिक मजबूती, जनाधार को बढ़ाने तथा चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रगति रिपोर्ट को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लपारवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने देश व जनहित के प्रति सरकारी उदासीनता से त्रस्त जनता बसपा की ओर काफी उम्मीद भरी निगाहों दे देख रही है। बसपा को उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हर स्तर पर भरपूर निष्ठा, लगन व मेहनत से काम जारी रखना बहुत जरूरी है। इसमें लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
जुमलेबाजी व वादों से भूख प्यास मिटाना चाहती है सरकार
बसपा सुप्रीमो ने कहा किह प्रदेश में रोजी-रोटी की पहले से जटिल समस्या अब और भी विकट रूप धारण कर रही है जबकि सरकार ज्यादातर मामलों में अभी भी अपनी जुमलेबाजी व वादों से लोगों की भूख-प्यास मिटाना चाहती है। यह बहुत दुखद है।कहा कि वास्तव में आत्मनिभर्रता केवल स्लोगन नहीं बल्कि इसको पूरी तत्परता व ईमानदारी के साथ वास्तविकता में बदलने की जरूरत है। तभी देश में हर हाथ को काम मिलकर बहुजनों का जीवन बेहतर होगा। खासकर यूपी जैसे गरीब, पिछड़े व विशाल राज्य में रोजगार की समस्या पहले से और जटिल होती जा रही है।
मायावती ने कहा कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध को लेकर आई विभिन्न प्रकार की जटिल समस्याओं से रसोई गैस, पेट्रोल व पेट्रोलियम पदार्थों के संकट से लगभग सभी प्रकार की वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। हर प्रकार की वस्तुओं के दाम मनमाने तरीके से बढ़ने से मेहनतकश समाज का गरीबी में आटा और गीला हो गया है। उनकी परेशानियों लगातार बढ़ रही हैं। कहा कि इसके समाधान के लिये सरकार को लगातार प्रभावी कदम उठाते रहना जरूरी है। ताकि देश को नोटबंदी तथा कोरोना महामारी जैसा संकट का अभूतपूर्व काल लोगों को फिर से न झेलना पड़े।
अंबेडकर जयंती पर होंगे विशेष कार्यक्रम
मायावती ने 14 अप्रैल को डा. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर विशेष आयोजनों का निर्देश दिया। कहा कि पूरी मिशनरी भावना के साथ लखनऊ में इस बार सभी 18 मंडलो से पार्टी कार्यकर्ता परिवार समेत अम्बेडकर स्मारक में पहुंचकर अपने महापुरुष बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित करें।




साइन इन