संभल में अब मजार पर चला बुलडोजर; मिनटों में हुई जमींदोज, सरकारी जमीन पर बनाई गई थी
संभल के सिरसी कस्बे में प्रशासन ने सरकारी झील की जमीन पर बनी अवैध मजार को बुलडोजर से हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन के अनुसार गाटा संख्या 2212 राजस्व अभिलेखों में झील के रूप में दर्ज है।

संभल जिले में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत शनिवार को तहसील प्रशासन ने कस्बा सिरसी में बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने सरकारी झील की भूमि पर बनी अवैध मजार को बुलडोजर चलाकर हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला तैनात रहा। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई। कस्बा सिरसी स्थित गाटा संख्या 2212, रकबा 11.495 राजस्व अभिलेखों में झील के रूप में दर्ज है।
आरोप है कि इसी सरकारी भूमि पर अवैध रूप से मजार का निर्माण कर लिया गया था। मामले को लेकर तहसीलदार न्यायालय में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के अंतर्गत बेदखली वाद दायर किया गया था, जिसकी सुनवाई तहसीलदार धीरेन्द्र कुमार की अदालत में चल रही थी।
तहसीलदार धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि संबंधित मजार के मुतवल्ली का पूर्व में निधन हो चुका था। इसके बाद राजस्व विभाग ने दोबारा कार्रवाई शुरू करते हुए लेखपाल के माध्यम से नया वाद प्रस्तुत किया। प्रशासन के अनुसार नियमानुसार नोटिस जारी किए गए और पूरी कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई लेकिन, तय समय सीमा के भीतर किसी भी पक्ष की ओर से कोई आपत्ति दाखिल नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि राजस्व अभिलेखों और सभी दस्तावेजों के परीक्षण के बाद न्यायालय द्वारा बेदखली का आदेश पारित किया गया। आदेश के अनुपालन में शनिवार को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से निर्माण हटाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। कार्रवाई से पूर्व प्रशासन ने पहले पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और उसके बाद सुरक्षा घेरे के बीच ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की।




साइन इन