बकरीद पर खुले में दी पशुओं की कुर्बानी तो जाएंगे जेल
Mau News - घोसी में बकरीद पर्व को सफलतापूर्वक मनाने के लिए शांति समिति की बैठक हुई। प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर पंचायत को साफ-सफाई और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

घोसी, हिन्दुस्तान संवाद। कोतवाली परिसर में मंगलवार को बकरीद पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह ने चेताया कि बकरीद पर्व पर खुले में व प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी का मामला प्रकाश में आने पर दोषियों को जेल भेजा जायेगा। कोतवाली क्षेत्र में कुल 28 ईदगाह एवं 35 मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की जायेगी। किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशुओं का कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही नगर पंचायत घोसी को साफ-सफाई एवं पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया। बिजली विभाग को बकरीद पर समुचित मात्रा में बिजली आपूर्ति करने को कहा गया।
प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि सभी पर्व हमें आपसी भाईचारा एवं एकता की सीख देते हैं। पर्वो का आनंद तभी होगा, जब सभी लोगों की सहभागिता हो। यदि पर्व को सकुशल सम्पन्न करने में कोई बाधा डालता है तो उसके साथ सख्ती से निपटा जायेगा। किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं होगी। ऐसा करने वालों को जेल भेजा जायेगा। बैठक में नगर निवासी खुर्शीद खान ने पानी, बिजली के तार की समस्या, पूर्व सभासद दुरुल हसन ने अंडर पास के पास जल निकासी के लिए नाली, बड़ागांव बाजार में जल निकासी की समस्या एवं नव निर्मित आरसीसी पर हाई वोल्टेज के लटकते तार की समस्या को बताया। इस दौरान अपराध निरीक्षक मोतीलाल पटेल, उपनिरीक्षक मदन कुमार गुप्ता, एसडीओ बिजली इंद्र बहादुर मौर्य, जेई माजिद, विजय शंकर सिंह, अविनाश कुमार, विराट पटेल, इकबाल अहमद, नेसार अहमद, राकेश पाण्डेय, शैलेश वर्मा, जुल्फेकार अहमद उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन