सपा ने राम मंदिर जाने से रोक दिया था; योगी सरकार में मंत्री बने मनोज पांडेय ने अखिलेश को कोसा
योगी सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार के तहत सपा से निष्कासित विधायक मनोज पांडेय को भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलायी गयी। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला और कहा कि सपा उन्हें बर्दाश्त नहीं कर सकी।

UP News: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के रविवार को हुए दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार के तहत समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासित विधायक मनोज पांडेय को भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलायी गयी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 'जन भवन' में आयोजित समारोह में पांडेय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। वहीं, शपथ ग्रहण के बाद मनोज पांडेय ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला और कहा कि सपा उन्हें बर्दाश्त नहीं कर सकी और उन्हें राम मंदिर जाने से रोका गया था।
यूपी में योगी सरकार में मंत्री बने मनोज पांडेय ने विपक्ष पर जमकर बोला हमला। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्र और सनातन के साथ हैं। अखिलेश यादव पर हमला करते हुए कहा कि जो दल एक मनोज पांडेय को बर्दाश्त नहीं कर सका उस दल ने भगवान राम के मंदिर का दर्शन करने रोका गया था। मनोज पांडेय ने आगे कहा, एक व्यक्ति हर दम विद्यार्थी रहता है। हम भी एक विद्यार्थी हैं लेकिन हमको उन लोगों के ऊपर तरस आती है जो यह नहीं जानते कि प्रकृति 9 महीने में एक नए मानव का जन्म दे देता है तो वह इसका इंतजार न करें। बल्कि वह यह देखें कि चार साल में उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता को क्या देने का काम किया। विपक्ष में रहते हुए उन्हें देखना पड़ेगा कि 2012 से 2017 तक जब जनता ने हम सबकों मौका दिया था, मैं भी उस सरकार में मंत्री था तो हमने क्यों नहीं गरीबों को राशन दे दिया?'
मनोज पांडेय ने आगे कहा, 'आज अन्नदाताओं को सीधे किसान सम्मान निधि से सम्मानित भारतीय जनता पार्टी ने दिया। यह काम क्यों नहीं समाजवादी पार्टी ने सोचा। डॉक्टर राम मनोहर लोहिया, स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी समेत दुनिया के कई विचारकों ने यह सपना देखा था कि भारत में रहने वाले हर गरीब व्यक्ति को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि इस सपने को साकार करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के जरिए घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
मनोज पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके नेता हैं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उनके मार्गदर्शक हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के संगठन व विचारधारा के प्रति भी उन्होंने अपनी निष्ठा जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी जैसा निर्देश देगी, वह एक अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ उसका पालन करेंगे। साथ ही पार्टी के हर लक्ष्य को पूरा करने के लिए संघर्ष करने का काम भी करेंगे।




साइन इन