यूपी में पूर्व मुख्य सचिव मनोज सिंह की वापसी, योगी सरकार ने ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन का अध्यक्ष बनाया
पूर्व मुख्य सचिव वर्ष 1988 बैच के आईएएस अधिकारी रहे मनोज कुमार सिंह को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नामित किया है।

यूपी में एक बार फिर पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह की वापसी हो गई। योगी सरकार ने 1988 बैच के आईएएस अधिकारी रहे मनोज कुमार सिंह को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नामित किया है। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। मनोज कुमार सिंह सोमवार को सीईओ का कार्यभार ग्रहण करेंगे। प्रदेश की योजनाएं बनाने, भौतिक और वित्तीय संसाधन जुटाने के लिए यह पद काफी महत्वपूर्ण है।
केंद्र में पहले योजना आयोग और उत्तर प्रदेश में राज्य योजना आयोग हुआ करता था। नीति आयोग की तर्ज पर इसका नाम बदल कर उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन कर दिया गया है। मनोज कुमार सिंह को इसका पहला सीईओ बनाया गया है। उनकी भूमिका योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्षों की तरह ही राज्य के प्रशासनिक सुधारों और योजनाओं की दिशा तय करने की होगी, जैसा कि केंद्र में नीति आयोग करता है।
प्रमुख सचिव नियोजन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक मनोज कुमार सिंह को देय वेतन-मानदेय, भत्ते और अन्य अनुमन्य सुविधाओं से संबंधित आदेश अलग से जारी किया जाएगा। मनोज कुमार सिंह 31 जुलाई 2025 को मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह 30 जून 2024 को मुख्य सचिव बने थे। उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बेहद करीबी अधिकारी माना जाता है। भाजपा सरकार में वह प्रमुख सचिव नगर विकास, ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, कृषि उत्पादन आयुक्त और औद्योगिक विकास आयुक्त भी रह चुके हैं।




साइन इन