लखीमपुर में गुजरात एटीएस का छापा, संदिग्ध आतंकी सुहेल के घर की ली तलाशी, परिजनों से भी पूछताछ
पिछले दिनों गुजरात में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी मोहम्मद सुहेल के लखीमपुर स्थित घर पर एटीएस ने छापा मारा। गुजरात एटीएस के छापे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एटीएस ने घर वालों से सुहेल के बारे में पूछताछ की।

एक सप्ताह पहले गुजरात में पकड़ा गया लखीमपुर खीरी के रहने वाला संदिग्ध आतंकी सुहेल के घर पर गुजरात एटीएस ने छापा मारा। जिले में एटीएस की छापेमारी की खबर से हड़कंप मच गया। एटीएस ने सहेल के घर पर तलाशी ली। इसके अलावा परिजनों से भी सुहेल के बारे में पूछताछ की। एटीएस ने घर के कुछ सदस्यों से अकेले में भी बातचीत की। एटीएस ने सुहेल के रहन-सहन और उसके व्यवहार की भी जानकारी जुटाई। इसके अलावा घर में मौजूद मोबाइल फोन और कागजातों की भी जांच पड़ताल की। एटीएस की पूछताछ के दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही।
बतादें कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद से पूरे देश में हाई अलर्ट है। खुफिया एंजेंसियां जगह-जगह पर छापेमारी करके संदिग्धों को हिरासत में ले रही हैं। इसके अलावा पकड़े गए लोगों के करीबियों से भी पूछताछ की जा रही है। इसी बीच गुजरात एटीएस ने लखीमपुर खीरी के रहने वाले संदिग्ध आतंकी सुहेल के घर पर शनिवार को अचानक से छापेमारी कर दी। एटीएस सिंगाही के वार्ड नंबर एक स्थित सुहेल के घर पहुंची। टीम यहां सुहेल के घर में घुसी और करीब एक घंटे तक पूछताछ की। घर की तलाशी के साथ ही उनके कागजातों और फोन रिकॉर्ड को चेक किया। एटीएस घर की महिलाओं को एकांत में ले गई जहां उनसे सुहेल के व्यवहार के बारे में पूछताछ की। पिछले कुछ महीनों में सुहेल से किन-किन लोगों की और क्या-क्या बातचीत हुई? इसकी भी जानकारी एटीएस ने जुटाई है। एटीएस की छापेमारी की खबर से सुहेल के घर बाहर लोगों की भीड़ लग गई। हालांकि इस दौरान पुलिस फोर्स भी तैनात रही।
सुहेल समेत तीन संदिग्ध आतंकी गुजरात में हुए थे गिरफ्तार
गुजरात एटीएस ने आईएसआईएस के आतंकी मॉड्यूल से जुड़े तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में एक शामली और दूसरा लखीमपुर खीरी का रहने वाला था। एटीएस ने आईएसआईएस के मॉड्यूल आईएसकेपी से जुड़े मुख्य आरोपी एमबीबीएस डॉक्टर अहमद मोहिउद्दीन सैयद के साथ शामली के आजाद सुलेमान शेख और लखीमपुर खीरी के मोहम्मद सुहेल खान के पास से तीन ग्लॉक और बेरेटा पिस्टल, कारतूस और रासायनिक-जैविक हथियार बनाने का केमिकल भी बरामद किया था। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि पाकिस्तान बार्डर पर ड्रोन की मदद से उनका हैंडलर हथियारों की खेप देश में भेजता है।
तीन साल से बाहर रह रहा था सुहेल, मां बोली-यकीन नहीं हो रहा
गुजरात में संदिग्ध आतंकी सुहेल की गिरफ्तारी के बाद घरवालों ने पुलिस को बताया था कि वह तीन साल पहले मुजफ्फरनगर गया था। वह मुजफ्फरनगर के एक मदरसे में रहकर हाफिज की पढ़ाई कर रहा था। घरवालों के अनुसार वह छुट्टियों में घर आता था। आखिरी बार वह जुलाई 2025 में घर आया था। कुछ दिन घर पर रहने के बाद वह वापस चला गया। घरवालों की उससे फोन पर बात होती रहती थी। घरवालों के अनुसार सुहेल ने उनको एक सप्ताह पहले बताया था कि वह गुजरात घूमने जा रहा है। वहीं, रविवार को उनके पास गुजरात से कॉल आई, जिससे उन लोगों को पता चला कि सुहेल वहां संदिग्ध आतंकी के रूप में गिरफ्तार हो गया है। यह सुनकर सुहेल के परिजनों के होश उड़ गए।
दो कमरों के घर में रहता है परिवार
सिंगाही एसओ अजीत कुमार रविवार को सुहेल के घर पहुंचे। घर पर एक जनरल स्टोर का बोर्ड लगा है। बाहर से घर की दीवारें जर्जर और पुरानी हैं और उन पर प्लास्टर भी नहीं है। पता चला कि सुहेल का पिता सलीम ट्रैक्टर मिस्त्री है। सुहेल की मां रुकसाना भी घर पर मिलीं। दंपति के तीन बेटे हैं और बड़ा बेटा सुम्मी खान हैदराबाद में मजदूरी करता है जबकि दूसरा सुहेल व तीसरा बेटा अभी पढ़ाई कर रहे हैं। सुहेल के पकड़े जाने की खबर जैसे ही गांव पहुंची, लोग हैरान रह गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिवार से पूछताछ की। रविवार दोपहर बाद सोशल मीडिया पर सुहेल की गिरफ्तारी की तस्वीर आ गई। स्थानीय लोगों के मन में सुहेल के परिवार से कई सवाल थे लेकिन परिवार के लोग किसी से नहीं मिले। पूरे परिवार ने खुद को घर में कैद कर लिया है।
सिर्फ गिरफ्तारी की दी गई सूचना
गुजरात एटीएस ने सिर्फ परिवार को फोन से इतनी ही सूचना दी है कि उनके बेटे को आतंकी होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। परिवार के अन्य सदस्यों से अधिकारियों ने कोई बात नहीं की। इसीलिए कहा जा रहा है कि परिवार सुहेल की करतूत से अंजान था। अगर उनको जानकारी होती कि सुहेल क्या कर रहा है, तो पुलिस परिवार से भी पूछताछ करती। एटीएस अभी यहां नहीं आई है और न ही खीरी पुलिस को कोई सूचना दी है।




साइन इन