यूपी पुलिस को बड़ी सफलता, 12 साल से फरार एक लाख का इनामी गिरफ्तार, गुजरात में बदल ली थी पहचान
प्रतापगढ़ जिले में पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 12 वर्ष साल से पुलिस अभिरक्षा से भागे एक लाख रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Pratapgarh News: यूपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतापगढ़ जिले में पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 12 वर्ष साल से पुलिस अभिरक्षा से भागे एक लाख रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भुकर ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भानु प्रताप दुबे उर्फ महराज उर्फ वक्किी (40), निवासी ग्राम संगीयापुर थाना लालगंज, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसे थाना लालगंज क्षेत्र के नहर पटरी धधुआ गाजन गांव के पास से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि भानु प्रताप दुबे वर्ष 2014 में पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था और तब से उसकी तलाश की जा रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ प्रतापगढ़ जिले के विभिन्न थानों में कुल 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। जांच में पता चला कि अभिरक्षा से फरार होने के बाद वह कुछ समय तक मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में छिपकर रहा। जेल में रहने के दौरान उसकी पहचान कई अपराधियों से हुई थी, जिनकी मदद से उसने गुजरात के सूरत शहर में अपना ठिकाना बना लिया।
फर्जी नाम पते से बनाया था राशन कार्ड
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपनी पहचान बदल ली थी। सूरत में उसने फर्जी नाम और पते से राशन कार्ड तथा मतदाता पहचान पत्र बनवाया। दस्तावेजों में उसने अपना नाम दुबे विक्की रामविलास दर्ज कराया और किमावती कॉम्प्लेक्स, सूरत का पता दर्शाया। पुलिस के मुताबिक सूरत में वह ट्रक चालक के रूप में काम करने लगा। ड्राइविंग लाइसेंस की आवश्यकता पड़ने पर उसने अपने एक सहयोगी की मदद से वर्ष 2020 में फर्रुखाबाद के पते पर लाइसेंस भी बनवा लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क तथा फरारी के दौरान की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सहारनपुर में एक लाख का इनामी एहसान ढेर
सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश एहसान उर्फ एहसान कपूरी मारा गया। मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एसएसपी की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली जा धंसी। आधा घंटे तक चली मुठभेड़ से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे चिलकाना थाना प्रभारी विनोद कुमार टीम के साथ हरड़ाखेड़ा क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक पुलिस को देख बाइक मोड़कर सरसावा की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। एक गोली सरकारी वाहन के शीशे में लगी। सूचना पर कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त फोर्स को रवाना किया गया। भागते बदमाश इंडस्ट्रियल एरिया के पास एक बाग में घुस गए और पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस पर गोलियां चलाने लगे। डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी अभिनंदन सिंह भी मौके पर पहुंच गए। मुठभेड़ में बदमाश की गोली लगने से मौत हो गई।




साइन इन