Killing a friend for Rs 300 in ghazipur dead body found in school 300 रुपए के लिए दोस्त की हत्या; ईंट मारकर ली जान, स्कूल में शव फेंक कर भागा था, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

300 रुपए के लिए दोस्त की हत्या; ईंट मारकर ली जान, स्कूल में शव फेंक कर भागा था

गाजीपुर में 19 वर्षीय बाला लखन्दर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। 300 रुपये के उधार को लेकर हुए विवाद में उसके दोस्त रंजय उर्फ जब्बर ने शराब पीने के दौरान ईंट से सिर पर हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Sat, 30 May 2026 04:26 PMsandeep हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान संवाद, सिधागरघाट (गाजीपुर)
share
300 रुपए के लिए दोस्त की हत्या; ईंट मारकर ली जान, स्कूल में शव फेंक कर भागा था

गाजीपुर जिले के कोतवाली क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी 19 वर्षीय बाला लखनदार की हत्या की गई थी। तीन सौ रुपये के विवाद में वारदात को अंजाम उसके दोस्त ने ही दिया था। कासिमाबाद पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुहम्मदाबाद-गंगौली मार्ग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट, खून लगी टी-शर्ट तथा मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया। शुक्रवार को आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

स्कूल के कमरे में मिला था शव

बता दें कि हसनपुर गांव निवासी 19 वर्षीय बाला लखन्दर राम पुत्र गोविंद राम 24 मई को दिन में करीब 12 बजे घर से निकला था, लेकिन शाम होते-होते उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और उसका कोई पता नहीं चला। 27 मई को सुबह करीब 6 बजे रसूलपुर स्थित वर्षों से बंद पड़े निजी स्कूल के एक कमरे में युवक का शव पड़ा मिला था। पिता ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।

300 रुपए को लेकर कहासुनी हुई थी

प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि युवक बाला लखन्दर की हत्या करने वाला आरोपी मुहम्मदाबाद-गंगौली मार्ग स्थित नट बाबा मंदिर के पास है। इसके बाद घेरेबंदी कर हसनपुर निवासी 20 वर्षीय रंजय उर्फ जब्बर पुत्र हरिश्चंद्र को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार मृतक बाला लखंदर के चाचा नंदा राम की गांव में चाऊमीन की दुकान है। आरोपित रंजय उर्फ जब्बर पर दुकान का करीब 300 रुपये उधार था। इस बात को लेकर कुछ दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:घर से निकले होटल मालिक की हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने तबाड़तोड़ चलाई गोलियां
ये भी पढ़ें:‘ससुर ने मेरा रेप किया’, महिला दरोगा के आरोपों से सनसनी, थाने में धरने पर बैठी

शराब पीने के बाद दोनों में विवाद हुआ था

तभी से दोनों के बीच तनाव चल रहा था। इसी दौरान 24 मई की शाम दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। झगड़ा इतना बढ़ा कि हाथापाई होने लगी। इसी दौरान रंजय उर्फ जब्बर ने पास में पड़ी ईंट उठाकर बाला लखन्दर के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुर्गे को काटा तो कुत्ते का मर्डर, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी भी की

आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया

घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के जताए गए शक और साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपित को धर दबोचा। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट, घटना के समय पहनी गई टी-शर्ट और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।