मैं ये कलंक लेकर..., पत्नी की मौत के बाद आरोपों से टूटा पति, खूंटी पर सुसाइड नोट टांग दे दी जान
कुलदीप चौहान का विवाह करीब दो साल पहले निशा ( उम्र 27 वर्ष) से हुआ था। दोनों का एक 10 माह का पुत्र बालगोविंद है। पति पत्नी तालाब से मिट्टी निकालने गए थे। जहां संदिग्ध हालात में निशा की मौत हो गई। ससुराल वालोंं ने कुलदीप पर हत्या का आरोप लाया जिससे आहत होकर कुलदीप ने आत्महत्या कर ली।

UP News : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के कोतवाली क्षेत्र के बिलौली गांव में शनिवार सुबह पति पत्नी तालाब से मिट्टी निकालने गए थे। जहां कुछ देर बाद संदिग्ध हालात में पत्नी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के ससुरालवालों ने इसे हत्या बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोप से आहत पति ने कुछ देर बाद घर में खूंटी पर सुसाइड नोट टांगकर फंदे से लटक कर जान दे दी। सुसाइड नोट में उसने खुद के निर्दोष बताते हुए लिखा है कि वह यह कलंक लेकर नहीं जीना चाहता है। इसके साथ ही उसने बड़े भाई से अपने बच्चे का ख्याल रखने की गुजारिश की है और मां से माफी मांगी है।
ग्राम बिलौली निवासी कुलदीप चौहान (30 वर्ष) का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व फतेहपुर (बाराबंकी) के श्रीशक्तिधाम महादेव तालाब परिसर में कटघरा वार्ड की निशा (27) से हुआ था। दोनों का एक 10 माह का पुत्र बालगोविंद है। पोलियो के कारण कुलदीप एक पैर से दिव्यांग था। पिता मंशाराम की करीब 10 वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। परिवार में मां दयावती के अलावा एक भाई दिवाकर है। कुलदीप इलेक्ट्रिक वायरिंग आदि का काम करता था। वह पत्नी के साथ मां के मकान में रहता आ रहा था। इस घर से कुछ दूर कुलदीप का बड़ा भाई दिवाकर पत्नी, दो पुत्र व बहू का साथ रहता है। करीब दो माह पूर्व कुलदीप मां का घर छोड़ कर भाई दिवाकर के बगल मकान बना कर रहने लगा था।
पटाई लिए पति पत्नी गए थे तालाब से मिट्टी निकालने: शनिवार को घर में टीन के ऊपर मिट्टी पटाई के लिए कुलदीप और निशा गांव के एक तालाब से मिट्टी निकालने गए थे। दोनों ने मिट्टी निकाल कर किनारे ढेर की। मिट्टी ढोने के लिए कुलदीप पूर्व प्रधान निर्मल वर्मा के घर ठेलिया मांगने चला गया। उसने ग्रामीणों को बताया कि वह ठेलिया लेकर लौटा तो तालाब किनारे निशा औंधे मुंह बेसुध पड़ी थी। किसी तरह उसे आनन-फानन ठेलिया पर लाद कर वह चौराहे पर चिकित्सक के यहां पहुंचा। वहां डाक्टर ने निशा को मृत घोषित कर दिया।
ससुरालवालों ने लगाया हत्या का आरोप
पत्नी निशा का शव लेकर कुलदीप मां वाले घर पर पहुंचा। यहां से उसने घटना की सूचना मृतका के घरवालों को दी। यहां पहुंचे निशा के घरवालों ने कुलदीप पर पत्नी की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। जिससे उसके घर पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। इसी बीच कुलदीप अचानक गायब हो गया। कुछ देर बाद उसकी खोज शुरू हुई तो अपने नए घर में उसका शव रस्सी के फंदे पर छत से लटका मिला। पास ही कुछ लाइन का सुसाइड नोट मिला। जिसमे लिखा था, मेरी कोई गलती नहीं। मां और भाई मेरे बेटे का ध्यान रखना। कुछ ही घंटों में पति पत्नी के मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर फैल हुई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं चलती रही।
बच्चे के सिर से उठा मां बाप का साया
घटना से दुधमुंहे बच्चे के सिर से एक ही दिन मां-बाप का साया उठ गया। तालाब से मिट्टी लेने गई निशा बच्चे को अपनी जेठानी बबिता का पास छोड़ गई थी। निशा की मौत के बाद पहुंचे मायकेवाले हंगामा कर बच्चे को अपने साथ ले गए।
क्या बोली पुलिस
इंस्पेक्टर अमित सिंह ने बताया कि मृतका के भाई छोटू की तहरीर पर मामला दर्ज हुआ है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए है। पीएम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई होगी।




साइन इन