योगी 25 लीटर महाद्रव्य से करेंगे भोले का महाभिषेक, मानसरोवर और पीतेश्वरनाथ मंदिर भी जाएंगे
रविवार की सुबह गोशाला का भ्रमण और जनता दर्शन से लौट कर सीएम योगी शक्ति मंदिर में शुक्ल यजुर्वेद संहिता अष्टाध्यायी के आठवें अध्यायों के नमक-चमक पाठ के महामंत्रों द्वारा भगवान शिव का रूद्रा महाभिषेक करेंगे। कुल 25 लीटर महाद्रव्य का इस्तेमाल होगा। यह प्रक्रिया 2.30 मिनट तक चलेगी।

Mahashivratri 2026: गोरक्षपीठाधीश्वर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाशिवरात्रि पर रविवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में भगवान भोले शंकर का 25 लीटर महाद्रव्य से महाभिषेक करेंगे। अभिषेक का कार्यक्रम आम जनता की नजरों से दूर मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में होगा। यहां मठ पुरोहित और 11 वेदपाठी ब्राह्मण इस महाक्रिया को श्रद्धापूर्वक सम्पन्न कराएंगे।
रविवार की सुबह गोशाला का भ्रमण और जनता दर्शन से लौट कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शक्ति मंदिर में शुक्ल यजुर्वेद संहिता अष्टाध्यायी के आठवें अध्यायों के नमक-चमक पाठ के महामंत्रों द्वारा भगवान शिव का रूद्रा महाभिषेक करेंगे। कुल 25 लीटर महाद्रव्य का इस्तेमाल होगा। यह प्रक्रिया 2.30 मिनट तक चलेगी। इस महाद्रव्य में दूध, दही, गन्ना का रस, जल और कुशा का रस शामिल होगा।
मानसरोवर मंदिर और पीतेश्वरनाथ भी जाएंगे योगी
अंधियारी बाग रामलीला मैदान के निकट स्थित प्राचीन मानसरोवर मंदिर में भी योगी आदित्यनाथ भगवान शंकर की आराधना के लिए जाएंगे। मानसरोवर मंदिर सीएम योगी बुधवार की सुबह 10 बजे के करीब जलाभिषेक करने के लिए जाएंगे। यहां पर रुद्राभिषेक के लिए दूरदराज से जहां श्रद्धालु आते हैं। मेला भी लगता है। गोरक्ष पीठाधीश्वर परम्परा रूप से यहां जलाभिषेक के लिए आते रहे हैं।
पीतेश्वरनाथ भरोहिया शिव मन्दिर पर भी जाएंगे सीएम
योगी आदित्यनाथ पीपीगंज ब्लाक के भरोहिया गांव स्थित पीतेश्वरनाथ शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर यहां प्रशासन ने भी सुरक्षा संबंधी सभी इंतजाम कर लिए हैं। सीएम के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी की गई है। मंदिर के पुजारी गोपी बाबा ने बताया कि मुख्यमंत्री का आगमन तय है। सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं।
सीएम ने महादेव झारखंडी और मुक्तेश्वरनाथ मंदिर में की पूजा
देवाधिदेव महादेव की आराधना के विशेष पर्व महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महादेव झारखंडी और मुक्तेश्वरनाथ स्थित शिव मंदिरों में पूजा अर्चना की। विधि-विधान से पूजा करने के साथ उन्होंने भगवान भोले शंकर का दुग्धाभिषेक और जलाभिषेक कर चराचर जगत के कल्याण की प्रार्थना की।
शनिवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले महादेव झारखंडी स्थिति शिव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव को बेलपत्र, पुष्प, विविध प्रकार की पूजन सामग्री अर्पित की। दुग्धाभिषेक और जलाभिषेक कर विधि विधान से पूजन अनुष्ठान संपन्न किया। इसके बाद वह मुक्तेश्वरनाथ शिव मंदिर आए। यहां भी उन्होंने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने देवाधिदेव से लोक मंगल और सभी नागरिकों के जीवन में खुशहाली की प्रार्थना की।
कल्याण मंडपम परिसर के शिव मंदिर पर भी की पूजा
सीएम योगी ने कल्याण मंडपम का लोकार्पण करने के बाद परिसर में स्थित शिव मंदिर में भी वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक कर भोले शंकर का पूजन किया। उनके साथ सांसद रवि किशन शुक्ला भी रहे।




साइन इन