महाशिवरात्रि पर ऐक्शन में यूपी पुलिस, लखनऊ में फ्लैग मार्च; सीएम योगी ने दी है हिदायत
फ्लैग मार्च में पुलिस ने दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने का आग्रह किया। दो दिन पहले ही सीएम योगी ने त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए थे।

Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि के पावन पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस अलर्ट मोड पर है। हजरतगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नरही चौकी प्रभारी शिवम पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को क्षेत्र में पैदल फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने नरही बाजार, प्रमुख मंदिरों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और मुख्य चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई तथा लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिस ने दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। दो दिन पहले ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने होली, महाशिवरात्रि और रमजान सहित विभिन्न पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्ती से निपटने के निर्देश दिए थे। सीएम ने कहा है कि रंग में भंग डालने वालों से सख्ती से निपटा जाए।
इसके साथ ही सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण करने वाले लोगों को सख्त चेतावनी दी गई । पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महाशिवरात्रि के मद्देनज़र क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर विशेष नजर रखी जा रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की साइबर टीम भी सक्रिय है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी या कंट्रोल रूम को सूचना दें।
सीएम योगी की हिदायत
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पिछले बुधवार को शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा था कि सुनिश्चित करायें कि शोभायात्राओं में उपद्रवी तत्वों की घुसपैठ किसी भी स्थिति में न होने पाए। बीते वर्षों में पर्व-त्योहारों के दौरान घटित घटनाओं से सीख लेते हुए सतर्कता, निगरानी व प्रबंधन और अधिक मजबूत किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि होलिका दहन केवल परंपरागत स्थलों पर हो, सड़क के मध्य में न हो पाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी सतत निगरानी रखी जाए। पर्व-त्योहारों, बोर्ड परीक्षाओं, जनगणना व अन्य आयोजनों के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखते हुए सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं। मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि पर तैयारियों की जानकारी ली।




साइन इन