‘माफिया मतलब गद्दी’, अतीक के डायलॉग पड़े भारी, रील बनाने के चक्कर में 4 गिरफ्तार; 3 कारें भी सीज
‘माफिया मतलब गद्दी’ और ‘गद्दी मतलब माफिया’ जैसे डायलॉग वाली रील वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। जांच में पुलिस को बताया कि 10-12 लोग गाड़ियों से तेज गति से एक दूसरे से रेस लगाते हुए स्टंट कर वीडियो बना रहे थे। चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस ने तीन कारों को बरामद कर सीज भी कर दिया।
माफिया अतीक अहमद के डायलॉग पर रील बनाना प्रयागराज के कार सवार युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में तीन कारों को भी सीज किया गया है। सोशल मीडिया पर ‘माफिया मतलब गद्दी’ और ‘गद्दी मतलब माफिया’ जैसे डायलॉग वाली रील वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। जांच में स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि 10-12 लोग गाड़ियों से तेज गति से एक दूसरे से रेस लगाते हुए स्टंट कर वीडियो बना रहे थे। इससे राहगीरों में अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे थे।
इसके बाद एयरपोर्ट थाने के उपनिरीक्षक ब्रम्हेश मिश्र ने गुरुवार को अपने ही थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इंस्टाग्राम पर रील वायरल करने वाले उमरी पूरामुफ्ती के नूर आलम, मोहम्मद सुनेफ, मोहम्मद हमदान और झलवा के शिवम कुमार भारतीया को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने रील बनाने में इस्तेमाल की गई तीन कारों को भी बरामद कर सीज कर दिया।
अतीक के करीबी हिस्ट्रीशीटर के भाई पर मारपीट का आरोप
वहीं, पीपलगांव ग्रीन वैली स्थित प्लॉट पर कब्जे को लेकर धूमनगंज निवासी एक होटल संचालक के बेटे पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। हमले का आरोप अतीक के करीबी रहे खुल्दाबाद थाने के एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के भाई, पार्टनर और उसके सहयोगियों पर है। क्षेत्रीय लेखपाल पर भी आरोपियों से मिलीभगत का आरोप है। होटल संचालक ने मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक, शिकायत के बाद भी पुलिस ने न तो घायल बेटे का मेडिकल कराया और न ही मुकदमा दर्ज किया। कंधईपुर धूमनगंज निवासी अशोक कुमार ओझा कर्नलगंज में होटल चलाते हैं।
उनका आरोप है कि एयरपोर्ट थानाक्षेत्र के पीपलगांव स्थित ग्रीन वैली में उनका एक प्लॉट है। बुधवार को अतीक के करीबी रहे हिस्ट्रीशीटर बदमाश का भाई अपने पार्टनर व सहयोगियों के साथ उनके प्लॉट की बाउंड्रीवाल गिराकर उस पर अपनी बाउंड्रीवाल खड़ी कर रहा था। जानकारी होने पर वह अपने बेटों दीपक ओझा और सौरभ ओझा के साथ मौके पर पहुंचकर कब्जा करने से मना किया तो हिस्ट्रीशीटर के भाई व उसके साथ वालों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में बेटे सौरभ को गंभीर चोट आई है। अशोक कुमार के मुताबिक घटना के वक्त क्षेत्रीय लेखपाल भी मौके पर मौजूद था।
उसने एसडीएम से बात करने की बात कहकर उन्हें टरका दिया। वह घायल बेटे को लेकर एयरपोर्ट थाने पहुंचे और पुलिस से लिखित शिकायत की लेकिन उसने कुछ नहीं किया। न घायल सौरभ का मेडिकल कराया और न ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। उन्हें गुरुवार सुबह थाने बुलाया गया लेकिन उनके पहुंचते ही थाना प्रभारी वहां से चले गए। अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस आयुक्त कार्यालय जाकर उनसे शिकायत की है। बेटे सौरभ की ओर से मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। एसीपी धूमनगंज अजेंद्र यादव ने बताया कि राजस्व विभाग से मिले साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद अपेक्षित कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन