राजभर ने लगाया आरोपः अखिलेश से मिलने के बाद कोई भी किसी को गाली दे सकता है: ओम प्रकाश राजभर
Lucknow News - लखनऊ, विशेष संवाददाता सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार

लखनऊ, विशेष संवाददाता सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला है। ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा है कि अखिलेश यादव ब्रेन वाश करने में इतने माहिर हैं कि उनसे मिलने के बाद कोई आम इंसान भी किसी को गाली दे दे, पीट दे या गोली मार दे तो ये बहुत सामान्य बात है। मैं उनके साथ गठबंधन में रहा हूं इसलिए ठीक से जानता हूं।
सपा सांसद के अमर्यादित शब्द
हाल ही में सपा के हमीरपुर सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए किए गए अमर्यादित शब्दों के इस्तेमाल को लेकर प्रक्रिया देते हुए न केवल उन्होंने समाजवादी पार्टी की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा किया है बल्कि उसकी विचारधारा पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। ओम प्रकाश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि सपा की राजनीतिक संस्कृति आक्रामक और अराजक मानसिकता को बढ़ावा देती है। उन्होंने सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा को 'निंदनीय' और 'शर्मनाक' बताते हुए कार्रवाई की मांग भी की।
सपा सांसद ने किया अखिलेश के ही शब्दों का प्रयोग
उन्होंने सपा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आगे लिखा कि ऐसा अक्सर होता है, जो उनके कार्यकर्ता करते रहते हैं, उनका रूटीन वर्क है, योगी आदित्यनाथ की सरकार में वो जेल भी जाते हैं, जिसे पूरा प्रदेश आए दिन देखता है। उनके अनुसार, सपा के हमीरपुर सांसद ने कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए जिस शब्द का इस्तेमाल किया है, वो अखिलेश यादव के ही शब्द हैं। वरना इस तरह कि भाषा का प्रयोग कोई जनप्रतिनिधि तो छोड़िए, सामान्य व्यक्ति भी नहीं करता। यह अत्यंत निंदनीय, शर्मनाक और ना-क़ाबिल-ए-बरदाश्त है।
अखिलेश सार्वजनिक तौर पर मांगें माफी
इसी पोस्ट में ओम प्रकाश राजभर ने राज्य सरकार और उत्तर प्रदेश पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि निवेदन है कि ऐसी गंदी सोच रखने वाले व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। ऐसा व्यक्ति समाज के लिए घातक है। उन्होंने अखिलेश यादव से सार्वजनिक माफी की मांग की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन