यूपी में भीषण हादसा, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस पलटी, 50 यात्री घायल, एक बच्ची की हालत गंभीर
Sultanpur News - उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में भीषण सड़क हादसा हो गया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की सुबह माइल स्टोन 108 के पास लुधियाना से आजमगढ़ जा रही निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 50 यात्री घायल हो गए हैं। एक बच्ची की हालत गंभीर है।
UP News: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। माइल स्टोन 108 के पास लुधियाना से आजमगढ़ जा रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार करीब 50 यात्री घायल हो गए जिनमें बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी शामिल हैं। एक छोटी बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई। आसपास के लोगों ने बैरियर फांदकर मौके पर पहुंचे और बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। घायलों को बस से निकालकर अस्पताल तक पहुंचाने में करीब दो घंटे का वक्त लगा। सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारु निगम मौके पर पहुंचे। उनके साथ एडीएम, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर और क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और उनके लिए जलपान व नाश्ते की व्यवस्था कराई। कूरेभार थाना प्रभारी संदीप तिवारी और उपनिरीक्षक राजेश यादव भी अपनी टीम के साथ मौके पर रहे और घायलों को हर संभव मदद दिलाई।
कूरेभार सीएचसी से जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया उनमें राम अवतार पुत्र हीरालाल रशाऊन आजमगढ़, महेंद्र पुत्र श्यामाचल उम्र 55 अजगरा आजमगढ़, ममता देवी पत्नी रामसेवक उम्र 40 कटोही बड़हलगंज, मीरा पत्नी रामेश्वर उम्र 51 जरहापुर अंबेडकरनगर, गुलशन रामपाल पुत्र विमलेश कुमार उम्र 29 मरहदपुर अंबेडकरनगर, आदर्श कुमार पुत्र शीतला प्रसाद उम्र 21 हड़वा दीदारगंज आजमगढ़, दुर्गावती पत्नी त्रिभुवन उम्र 40 सराय ढेला जगदीशपुर सुलतानपुर, मुलुक नारायण पुत्र जियालाल उम्र 45 माईपुर पवई आजमगढ़, मनीषा विजय उम्र 32 आजमगढ़, संजीवनी पत्नी विशाल उम्र 23 आजमगढ़, रंजीता पुत्र विशाल उम्र 1, मसराम पुत्र रामपाल उम्र 23, रामू पुत्र पीताम्बर उम्र 40, जितेंद्र पुत्री महोनी उम्र 29 शामिल हैं। ये सभी आजमगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन