हफ्ते में एक दिन सार्वजनिक वाहन से चलें, ऑनलाइन करें बैठक : उच्च शिक्षा मंत्री
Lucknow News - - अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए दिशा निर्देश लखनऊ, प्रमुख संवाददाता उच्च शिक्षण

उच्च शिक्षण संस्थानों व कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों को हफ्ते में एक दिन सार्वजनिक वाहन से दफ्तर आने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सभी बैठकें ऑनलाइन माध्यम से ही किए जाने का भी आदेश दिया गया है। गुरुवार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने बैठक कर यह दिशा-निर्देश दिए। विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील पर अमल करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों, डिग्री कॉलेजों व उच्च शिक्षण संस्थानों में इसे सख्ती के साथ लागू कराया जाए।
शिक्षक, छात्र, अधिकारी व कर्मचारी सभी हफ्ते में एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। विश्वविद्यालय व डिग्री कॉलेज इसका अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करें। जिससे लोग अपने निजी वाहन की बजाए सार्वजनिक वाहनों का उपयोग करें और ईंधन की बचत की जाए। सभी बैठकें वर्चुअल माध्यम से किए जाने से आवागमन में पेट्रोल-डीजल की बचत होगी और आने-जाने में समय भी बर्बाद नहीं होगा। बैठक में प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल व सचिव अमृत त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन