महिला बिल पर विपक्ष को घेरने आज सड़क पर उतरेंगी हजारों महिलाएं
Lucknow News - -मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर विधान भवन तक जाएगी जनाक्रोश महिला पदयात्रा -सीएम

लखनऊ, विशेष संवाददाता।महिला आरक्षण बिल के बहाने विपक्ष को घेरने में जुटी भाजपा मंगलवार को राजधानी लखनऊ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेगी। महिलाओं की अगुवाई में विशाल जनाक्रोश यात्रा निकाली जाएगी। पांच कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से शुरू होने वाली यह जनाक्रोश यात्रा विधान भवन के सामने समाप्त होगी। इस यात्रा में भाजपा और उसके सहयोगी दल एक मंच पर नजर आएंगे।पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं बृजेश पाठक सहित एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख नेता एवं मंत्री आशीष पटेल, ओम प्रकाश राजभर, संजय निषाद और अनिल कुमार भी पदयात्रा में अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।
हालांकि इसकी पूरी कमान महिलाओं को ही सौंपी गई है। जनाक्रोश महिला पदयात्रा में भाजपा के अलावा बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाएं भाग लेंगी। इसकी तैयारियों को लेकर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने सोमवार को लखनऊ और बाराबंकी में कई बैठकें कीं। कार्यक्रम में अधिकाधिक महिला संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। बता दें कि लखनऊ के बाद आगामी 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में पार्टी इससे भी बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी। वहीं महिला हितैषी कार्यों के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताएंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन