महिला आरक्षण के समर्थन में मलिहाबाद में उमड़ा जनसैलाब, विधायक जय देवी कौशल के नेतृत्व में निकली भव्य पदयात्रा
Lucknow News - उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में महिला सशक्तिकरण के लिए मलिहाबाद में एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। विधायक जय देवी कौशल के नेतृत्व में महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में भाग लिया। उन्होंने महिला आरक्षण बिल के प्रति जागरूकता फैलाने और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर भी शामिल हुए।
मलिहाबाद,लखनऊ, संवाददाता। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नारी शक्ति को सशक्त बनाने और केंद्र सरकार के ऐतिहासिक महिला आरक्षण बिल यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सोमवार को मलिहाबाद में एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक जय देवी कौशल के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में भारी संख्या में महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नारी शक्ति जिंदाबाद के गगनभेदी नारों से पूरा मलिहाबाद गूंज उठा। यह ऐतिहासिक पदयात्रा स्थानीय डाक बंगला माल रोड से प्रारंभ हुई। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए उत्साहित कार्यकर्ता और महिलाएं नारी शक्ति जिंदाबाद के नारे लगाते हुए मलिहाबाद चौराहा, डाकघर तिराहा और मुख्य बाजार से होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे।
पदयात्रा के दौरान मुख्य मार्गों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और महिला सशक्तिकरण के इस अभियान में अपना समर्थन जताया।तहसील मुख्यालय पहुंचने पर विधायक जय देवी कौशल और अन्य पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम मलिहाबाद को सौंपा। इस ज्ञापन में महिला आरक्षण के ऐतिहासिक निर्णय के लिए केंद्र सरकार का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। साथ ही महिलाओं के लिए राजनीति और अन्य क्षेत्रों में और अधिक अवसर सुनिश्चित करने की मांग को दोहराया गया। ज्ञापन में विपक्ष द्वारा इस अधिनियम का विरोध करने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा गया कि यह विरोध महिलाओं के प्रति उनकी संकुचित सोच को उजागर करता है।इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर भी उपस्थित रहे। उन्होंने पदयात्रा को संबोधित करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को देश की महिलाओं के लिए एक नया सवेरा बताया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए नई राहें खोलेगा। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख काकोरी नीतू यादव, विपिन गोपी राजपूत, विकास किशोर आशू, मीनू वर्मा, रामकुमार रही, सर्वेश रावत प्रधान, पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेंद्र अवस्थी, रविराज लोधी, अखिलेश सिंह अंजू सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकस्वर में महिला आरक्षण के प्रति अपना समर्थन जताया और इस ऐतिहासिक अधिनियम को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन