भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह कर रही सपा: पंकज
Lucknow News - प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष देशहित के निर्णयों में राजनीति कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की और समाजवादी पार्टी को आत्ममंथन करने की सलाह दी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष को देशहित के हर निर्णय में राजनीति दिखाई देने लगी है। सोमवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि जब देश वैश्विक परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच आत्मनिर्भरता, संसाधनों के संरक्षण और राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ रहा है, तब समाजवादी पार्टी जैसे दल जनता को गुमराह करने और भ्रम फैलाने में लगे हुए हैं।
समाजवादी पार्टी की आलोचना
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ऊर्जा बचत, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, अनावश्यक खर्चों में संयम बरतने तथा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की है। यह किसी प्रकार की कमजोरी नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी और जिम्मेदार नेतृत्व की पहचान है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों को साझी जिम्मेदारी का संदेश दिया है, लेकिन अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी इसे भी राजनीतिक चश्मे से देखकर भ्रम और नकारात्मकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
आत्ममंथन की आवश्यकता
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को आत्ममंथन की आवश्यकता है। जिन लोगों के शासनकाल में प्रदेश बिजली संकट, भ्रष्टाचार, दंगों, माफियावाद और कानून-व्यवस्था की बदहाली से जूझ रहा था, वे आज देश को अर्थव्यवस्था और सुशासन का पाठ पढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। जनता भूली नहीं है कि समाजवादी पार्टी के शासन में प्रदेश की पहचान दंगा, अपराध से जुड़ चुकी थी। निवेशक प्रदेश में आने से डरते थे, बेटियां असुरक्षित महसूस करती थीं और माफिया सत्ता संरक्षण में फलते-फूलते थे।
भारत की वैश्विक पहचान
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है। भारत की विदेश नीति राष्ट्रीय हितों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है। ऐसे समय में विपक्ष द्वारा देश की छवि खराब करने और जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव का बयान केवल उनकी राजनीतिक निराशा, हताशा और कुंठा का प्रतीक है। लगातार चुनावी पराजय के बाद समाजवादी पार्टी मुद्दाविहीन हो चुकी है। इसलिए वह हर राष्ट्रीय विषय पर अनर्गल बयानबाजी कर केवल सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन