देश के लिए सिर्फ एक 'संकट' भाजपा; पीएम मोदी की सोना नहीं खरीदने की अपील पर बोले अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीएम मोदी की सात सूत्रीय अपील पर हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही सरकार को संकट याद आ गया। देश के लिए सबसे बड़ा संकट भाजपा खुद है।

समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील पर तीखा हमला बोला है, जिसमें उन्होंने ईरान-इजराइल और पश्चिम एशिया संकट के बीच देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने और वर्क फ्रॉम होम अपनाने और विदेश की सैर टालने की सलाह दी है। अखिलेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि चुनाव खत्म होते ही सरकार को “संकट” याद आ गया। उन्होंने भाजपा सरकार को आर्थिक मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि अगर सरकार हालात संभाल नहीं पा रही है तो उसे अपनी नाकामी स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश के लिए सबसे बड़ा संकट भाजपा खुद है।
काली कमाई को सोने में बदलने वालों से अपील करें- अखिलेश
सपा अध्यक्ष ने सरकार की “पांच ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था” की बात पर भी सवाल उठाए और कहा कि डॉलर मजबूत होता जा रहा है जबकि रुपया कमजोर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोना खरीदने से बचने की अपील जनता से नहीं बल्कि भाजपा नेताओं और “काली कमाई को सोने में बदलने वालों” से की जानी चाहिए।
अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरा
अखिलेश यादव ने चुनावी दौर में भाजपा नेताओं की चार्टर उड़ानों और बड़े प्रचार अभियानों का जिक्र करते हुए पूछा कि अगर ईंधन बचाना इतना जरूरी था तो चुनाव प्रचार पूरी तरह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी अपीलों से बाजार में डर, महंगाई और मंदी की आशंका बढ़ सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम में लोगों से ईंधन की बचत करने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने, अनावश्यक विदेश यात्राएं टालने और एक साल तक गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि पश्चिम एशिया संकट के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दबाव बढ़ रहा है और भारत को विदेशी मुद्रा बचाने की जरूरत है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को घेरा
वहीं इस मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें लिखा कि गरीबी में आटा गीला हो रहा है तब पीएम मोदी देश को बचत करने का पाठ पढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि जब 28 फ़रवरी को पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू हुई थी तभी कांग्रेस ने अर्थव्यस्था से लेकर पेट्रोल-डीज़ल-LPG के दाम और क़िल्लत तक हर पहलु के बारे में बताया था।लेकिन इन सब चीजों की तरफ ध्यान देने की बजाए पीएम मोदी चुनाव प्रचार में व्यस्त थे। उन्होंने सवाल किया कि पीएम क्यों चुनावी प्रचार में मश्गूल थे? , क्यों रोडशो कर रहे थे ? क्यों कह रहे थे स्थिति काबू में है, सब चंगा सी।




साइन इन