अखिलेश फैला रहे भ्रम; पीएम मोदी की जनता से बचत की अपील को BJP ने बताया दूरदर्शिता
यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर पीएम नरेंद्र मोदी की बचत और संसाधन संरक्षण की अपील पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। वहीं ब्रजेश पाठक ने विपक्ष की आलोचना करते हुए स्वदेशी, कारपूल और ऊर्जा बचत अपनाने की अपील की। साथ ही राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष पर हमला बोला

यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष देशहित के हर मुद्दे पर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ऊर्जा बचत, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील को विपक्ष गलत तरीके से पेश कर जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। यूपी भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील किसी कमजोरी का संकेत नहीं, बल्कि दूरदर्शी और जिम्मेदार नेतृत्व की पहचान है। उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और आर्थिक अस्थिरता के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। देश डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना, एक्सप्रेसवे, रेलवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, रक्षा उत्पादन और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहा है। दुनिया भारत की आर्थिक शक्ति और स्थिर नेतृत्व की सराहना कर रही है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश पर बरसे पकंज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में उत्तर प्रदेश दंगों, भ्रष्टाचार, बिजली संकट और खराब कानून व्यवस्था से जूझता था, वे आज सुशासन का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन, किसानों को किसान सम्मान निधि, महिलाओं को उज्ज्वला योजना और युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान बनाई है और आज दुनिया भारत की बात गंभीरता से सुनती है। ऐसे समय में विपक्ष द्वारा नकारात्मक राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
बृजेश पाठक ने बताई विपक्ष की कुंठा
वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की देशहित वाली अपील पर विपक्ष की राजनीतिक हताशा सामने आ गई है। आप दोनों नेताओं की राजनीतिक कुंठा, हताशा और निराशा बाहर आ गई। अनर्गल बयानबाजी शुरु कर दी। उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल की बचत, कारपूल, मेट्रो के उपयोग, स्वदेशी उत्पाद अपनाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की।
आपको बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ईंधन, विदेश यात्रा से बचने, वर्क फ्रॉम होम और सोने की खरीद से जुड़ा बयान दिया, जिस पर विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जहां इसे सरकार की 'नाकामी का सबूत' बताया, तो वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी को ही देश का 'सबसे बड़ा संकट' करार दे दिया.




साइन इन