Lucknow student reached Vrindavan by cycling to meet Premanand Maharaj, know the whole story प्रेमानंद महाराज से मिलने 7वीं का छात्र 400 KM साइकिल चलाकर पहुंचा, बच्चे ने बताई पूरी कहानी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

प्रेमानंद महाराज से मिलने 7वीं का छात्र 400 KM साइकिल चलाकर पहुंचा, बच्चे ने बताई पूरी कहानी

लखनऊ का छात्र प्रेमानंद महाराज से मिलने को  लगभग 400 किलोमीटर साइकिल चलाकर  वृंदावन पहुंचा।कैमरों का पीछा करते हुए पुलिस वृंदावन के आश्रम तक पहुंची। शनिवार को वहां छात्र मिला तो उसने पूरी कहानी बताई। पुलिस ने बच्चे को माता-पिता के हवाले कर दिया।

Mon, 25 Aug 2025 06:27 AMDeep Pandey लखनऊ। अरुण पांडेय
share
प्रेमानंद महाराज से मिलने 7वीं का छात्र 400 KM साइकिल चलाकर पहुंचा, बच्चे ने बताई पूरी कहानी

मां ने पढ़ाई के लिए डांटा तो लखनऊ का सातवीं का छात्र प्रेमानंद महराज से मिलने लगभग 400 किमी साइकिल से वृंदावन चला गया। रेंजर साइकिल से 20 अगस्त को घर से निकला छात्र देर शाम तक घर नहीं लौटा और खोजबीन पर कुछ पता नहीं चला तो परिजनों ने पारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मोहान रोड चौकी प्रभारी सचिन कौशिक ने खोजबीन की तो सीसीटीवी कैमरे में साइकिल से जाता दिखा। कैमरों का पीछा करते हुए पुलिस वृंदावन के आश्रम तक पहुंची। शनिवार को वहां छात्र मिला तो उसने पूरी कहानी बताई। पुलिस ने बच्चे को माता-पिता के हवाले कर दिया।

पिंक सिटी बुद्धेश्वर निवासी सर्राफ की धनियामहरी पुल के पास दुकान है। इनका बेटा पारा के एक स्कूल में सातवीं का छात्र है। चौकी प्रभारी सचिन कौशिक के मुताबिक छात्र ने अपनी मां से बुधवार (20 अगस्त) को किताब के लिए 100 रुपये मांगे थे। इस पर मां ने कहा कि पढ़ाई तो करते नहीं हो, जब पापा आएं तब रुपये मिलेंगे। मां की डांट के बाद विराट ने रेंजर साइकिल उठाई और करीब सवा चार बजे घर से निकल पड़ा। देर शाम तक उसके न लौटने पर मां ने अपने पति को सूचना दी। खोजबीन शुरू की पर कुछ पता नहीं चला। इसके बाद रात आठ बजे परिजनों ने पारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की जानकारी पुलिस उपायुक्त पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव को दी गई। उनके निर्देशन में चौकी प्रभारी समेत दो टीमें तफ्तीश में लगाई गईं। पुलिस ने सीसी कैमरों को चेक किया। छात्र के जाने की दिशा के आधार पर इनपुट जुटाया और अगले दिन वृंदावन के आश्रम से बरामद कर लिया। शनिवार को छात्र को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

प्रतिबंध के बाद कैसे निकल गई साइकिल

छात्र ने घर से 70 किमी की दूरी आगरा एक्सप्रेसवे पर तय की, जबकि यूपीडा के एक्सप्रेसवे पर साइकिल यात्रा प्रतिबंधित है। फिर भी किशोर बांगरमऊ तक पहुंच गया और एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों को खबर नहीं हुई। इसकी जानकारी जब उच्चाधिकारियों को हुई तो उन्होंने यूपीडा कर्मचारियों को फटकार लगाई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शुभांशु शुक्ला आज आएंगे लखनऊ, योगी करेंगे अभिनंदन, जगह-जगह होगी फूलों की बारिश
ये भी पढ़ें:थोड़े दिन के लिए है लोकप्रियता, और पढ़ें; प्रेमानंद महाराज पर बोले रामभद्राचार्य

राधा नाम जप करता पहुंचा वृंदावन

छात्र ने पुलिस को बताया कि वह प्रेमानंद महाराज से मिलना चाहता था। वह उसे बेहद पसंद हैं। टोल प्लाजा पार करते ही उसने अपनी शर्ट उतार कर साइकिल की हैंडिल में बांध दी और राधा-राधा नाम जप करता वृंदावन पहुंच गया।

मां के मोबाइल में सर्च की वृंदावन की दूरी

चौकी प्रभारी के अनुसार, छात्र की मां के मोबाइल की जांच में लखनऊ से मथुरा की दूरी सर्च किया जाना पाया गया। आगरा एक्सप्रेसवे पर काकोरी के रेवरी टोल प्लाजा के सीसीटीवी में भी साइकिल से एक्सप्रेसवे पर जाता दिखा। 70 किमी दूर बांगरमऊ कट से वह ट्रक में बैठ गया और आगरा उतरकर साइकिल से यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए वृंदावन पहुंच गया। वृंदावन के आश्रम से पुलिस ने तीन दिन बाद उसको सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। मां ने बताया कि बेटा प्रेमानंद महाराज के वीडियो देखता था और उनसे मिलने की बात करता रहता था।

बांगरमऊ में ट्रक पर बैठ गया था

चौकी प्रभारी ने बताया कि छात्र सबसे पहले शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय के पास स्थित बीहोप हॉस्पिटल के सीसी कैमरे में दिखा। वह आगरा एक्सप्रेसवे की ओर जाते दिखा। वहां से उन्हें लीड मिली। 70 किमी दूर बांगरमऊ कट से वह ट्रक में बैठ गया। करीब 100 सीसी कैमरों की तफ्तीश के बाद छात्र के जाने की दिशा मिली।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।