शुभांशु शुक्ला आज आएंगे लखनऊ, सीएम योगी करेंगे अभिनंदन, जगह-जगह होगी फूलों की बारिश
Astronaut Shubhanshu: अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष से लौटने के बाद को पहली बार अपने शहर लखनऊ आ रहे है। उनके स्वागत की भव्य तैयारी है। जगह-जगह फूलों की बारिश होगी। शाम को मुख्यमंत्री की तरफ से लोक भवन में नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।

अंतराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से लौटने के बाद भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला सोमवार को पहली बार अपने शहर लखनऊ पहुंचेंगे। लखनऊ एयरपोर्ट से वीआईपी गेस्ट हाउस तक जश्न मनेगा। जगह-जगह फूलों की बारिश होगी। शाम को मुख्यमंत्री की तरफ से लोक भवन में नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
एयर इंडिया की फ्लाइट से सुबह 8.30 बजे चौधरीचरण सिंह एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां उनके स्कूल सिटी मांटेसरी स्कूल (सीएमएस) की ओर से स्वागत होगा। उनके स्वागत के लिए नगर निगम ने तोरण द्वार सजाए हैं। शुभांशु शुक्ला सोमवार सुबह एयरपोर्ट पर सीएमएस के बच्चे भव्य स्वागत करेंगे। महापौर सुषमा खर्कवाल भी आगवानी में पहुंचेंगी। यहां से खुली थार एसयूवी पर सवार होकर शुभांशु कारों के काफिले के साथ रवाना होंगे। जगह-जगह उन पर फूल बरसाए जाएंगे। उनके सम्मान में जी-20 चौराहे से रोड शो का आयोजन किया जाएगा। भाजपा महानगर कमेटी ने भी कई स्थानों पर स्वागत की तैयारी की है। सीएमएस गोमती नगर विस्तार कैम्पस में एक भव्य परेड होगी, जिसमें छात्र-छात्राएं उन्हें सैल्यूट करेंगे। इसके बाद वे सीएमएस ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में शामिल होंगे, जहां उनका और उनके माता-पिता का सम्मान किया जाएगा। लंच सीएमएस में ही करेंगे। त्रिवेणी नगर वार्ड में सीतापुर मुख्य मार्ग के पेट्रोल पंप से उनके निवास होते फ्लोरेंस नाइटेंगल स्कूल तक जाने वाली सड़क का नाम 'शुभांशु शुक्ला मार्ग' किया गया है। शुभांशु के आगमन से पहले उनके दरवाजे तक की रोड नए सिरे से बना दी है।
लोक भवन में मंत्रियों संग मुख्यमंत्री करेंगे सम्मान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लोकभवन में शुभांशु शुक्ला का नागरिक अभिनंदन करेंगे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक दोपहर 3.30 बजे मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसके बाद चार बजे लोकभवन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ ही वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, गिरीश चंद्र यादव, अजीत पाल, महापौर सुषमा खर्कवाल भी कार्यक्रम में भाग लेंगी।




साइन इन