भीषण गर्मी के बीच लखनऊ की बिजली व्यवस्था चरमाई, जिलों से 44 इंजीनियर बुलाए गए
भीषण गर्मी के बीच लखनऊ की बिजली व्यवस्था चरमा गई है। यहां वर्तमान में तैनात अधिकारियों के संभालते नहीं संभल रही बिजली व्यवस्था से लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वर्टिकल व्यवस्था लागू होने के बाद पहली गर्मी में ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। हर इलाके में बिजली को लेकर त्राहीमाम मच गया है। यहां वर्तमान में तैनात अधिकारियों के संभालते नहीं संभल रही बिजली व्यवस्था से लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। इस आक्रोश को देखते हुए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने प्रदेश के अन्य जिलों में तैनात 44 अभियंताओं को लखनऊ बुला लिया है। उनकी तैनाती शहर के विभिन्न जोनों में कर दी है।
प्रबंध निदेशक की ओर से जारी तबादला आदेश के अनुसार जिन अभियंताओं को दूसरे जनपदों से यहां बुलाया गया है सभी के सभी पूर्व में लखनऊ में तैनात रहे चुके हैं। माना जा रहा है कि लखनऊ में तैनाती के दौरान उनके अनुभवों से मध्यांचल विद्युत वितरण निगम शहर की चरमराई बिजली व्यवस्था को सुधारने का प्रयास करेगा। इसमें उसे कितनी सफलता मिलेगी, यह तो वक्त ही बताएगा। फिलहाल जो स्थिति है उससे तो लोगों की रातों की नींद और दिन का चैन उड़ा दिया है। प्रदेश की राजधानी होने के कारण यहां मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री सहित बिजली विभाग के बड़े से बड़े अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि प्रदेश की राजधानी में बिजली का यह हाल है तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश के दूसरे जिलों, विशेषकर दूरस्था जिलों का क्या हाल होगा।
शाहजहांपुर, बदायूं, बरेली, महाराजगंज, पीलीभीत से बुलाए गए-
लखनऊ की ध्वस्त हो चुकी बिजली व्यवस्था को संभालने के लिए प्रदेश के जिन जनपदों से अभियंता लखनऊ बुलाए गए हैं उसमें शाहजहांपुर, बदायूं, बरेली, निघासन, गोला, महाराजगंज, पीलीभीत, बीसलपुर, जलालाबाद, कैसरगंज, मोहम्मदी, नानपारा, सीतापुर, पलिया, हैदरगढ़, गौरीगंज, सुल्तानपुर, सण्डिला आदि शामिल हैं। इन्हें लखनऊ मध्य, अमौसी, जानकीपुरम, गोमतीनगर क्षेत्र में तैनात किया गया है। मौजूदा तैनाती स्थल इकाई प्रमुख को निर्देशित किया गया है सभी को तत्काल कार्यमुक्त किया जाए, जिससे वह नई तैनाती पर पहुंच कर कार्य संभाल लें।
बिजली व्यवस्था सुधारने को आठ अभियंता इधर से उधर
लखनऊ की चरमराती बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए मध्यांचल मुख्यालय प्रबंधन ने आठ अभियंताओं के कार्यक्षेत्र में बदलाव किए हैं। इसमें सहायक से लेकर अवर अभियंता तक शामिल हैं। सहायक अभियंता संतोष सिंह कुशवाहा को अमौसी क्षेत्र से रायबरेली क्षेत्र, रायबरेली, सहायक अभियंता अनुभव श्रीवास्तव को मध्यांचल मुख्यालय से अमौसी क्षेत्र, अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार को मध्यांचल मुख्यालय से अमौसी क्षेत्र, अवर अभियंता विनय कुमार को मध्यांचल मुख्यालय से लखनऊ सेंट्रल क्षेत्र, अवर अभियंता सत्येंद्र कुमार को मध्यांचल मुख्यालय से गोमतीनगर क्षेत्र, अवर अभियंता प्रदीप कुमार मौर्य को मध्यांचल मुख्यालय से अमौसी क्षेत्र, सहायक अभियंता अमितेश कुमार को मध्यांचल मुख्यालय से अमौसी क्षेत्र और उपखंड अधिकारी भूषण कुमार को बछरावां से अमौसी क्षेत्र भेजा गया है।




साइन इन