lucknow power cut protest fci substation sso beaten heatwave electricity crisis भीषण गर्मी में बिजली कटौती से गुस्सा, लखनऊ में सड़क पर उतरे लोग, एसएसओ को पीटा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

भीषण गर्मी में बिजली कटौती से गुस्सा, लखनऊ में सड़क पर उतरे लोग, एसएसओ को पीटा

भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोगों का सब्र जवाब दे रहा है। गुस्साए लोगों ने लखनऊ में एफसीआई उपकेंद्र पर जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात एसएसओ राज यादव की पिटाई कर दी और उनका मोबाइल तोड़ दिया। 

Wed, 29 April 2026 07:09 AMYogesh Yadav लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता
share
भीषण गर्मी में बिजली कटौती से गुस्सा, लखनऊ में सड़क पर उतरे लोग, एसएसओ को पीटा

UP News: भीषण गर्मी में बिजली संकट से त्रस्त लोगों ने मंगलवार को एफसीआई उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने लेसा अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उपभोक्ताओं की कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई। उग्र भीड़ ने एसएसओ राज यादव के साथ मारपीट करते हुए मोबाइल तोड़ डाला और उपकेंद्र में ताला लगाने की कोशिश की। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया। वहीं,राजाजीपुरम ई-ब्लॉक मार्केट में बिजली के तारों में आग लग गई। उधर, आलमबाग, जानकीपुरम, मोतीझील, नादरगंज, माल, रहीमाबाद सहित कई इलाकों में बिजली न आने से लोग परेशान रहे।

लेसा के एफसीआई उपकेंद्र के तहत कनक सिटी, नरौना, सलेमपुर पतौरा, पश्चिम विहार, तिवारी नगर, वादर खेड़ा में मंगलवार को सुबह 11 बजे से बिजली गुल रही। बिजली न आने से घरों में पानी भी नहीं आया। इससे लोगों का गुस्सा भड़क गया और उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उपभोक्ताओं की कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को शांत कराया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिना हेलमेट बाइक चलाना अब पड़ेगा बहुत भारी, आरटीओ ने की नई तैयारी

स्थानीय निवासी अनुज कुमार, अजय कुमार, शमीम, अजीत कुमार, अजीत सैनी, सोनू गुप्ता, मुन्ना, कमलेश ने बताया कि कई बार जेई-एसडीओ को सम्पर्क किया, लेकिन सभी के मोबाइल बंद रहे। रात 10 बजे बिजली चालू हुई। वहीं बुद्धेश्वर चौराहे के दूध मंडी के पास 250 केवीए व नमक गोदाम के पास 250 केवीए के ट्रांसफार्मर लीड में सात बजे आग लग गई। आधा घंटे बाद सप्लाई चालू हुई। वहीं राजाजीपुरम ई-ब्लॉक मार्केट में बिजली के तारों में आग लग गई।

अमीनाबाद व मोतीझील में संकट

अमीनाबाद के नजीराबाद में दिनभर बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे। मोतीझील कॉलोनी में बीती रात से मंगलवार दोपहर दो बजे तक बिजली न आने से नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया। वहीं, आलमबाग के रेलवे पावर हाउस में तकनीकी खराबी और स्विच रूम में आग लगने से सोमवार को आनंद नगर, टेढ़ी पुलिया व भिलावा समेत कई इलाकों में दिनभर बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। उपभोक्ता पानी के लिए भी तरस गए।

माल में 30 घंटे बिजली संकट से लोग परेशान

माल क्षेत्र में 33 केवी भूमिगत केबल में खराबी आने से पिछले 30 घंटों से बिजली ठप है। ग्रामीणों ने जनरेटर का सहारा लिया। व्यापारियों का कहना है कि बिजली न होने से उनका व्यवसाय ठप है। अवर अभियंता ने बताया कि दूसरी केबल भी जल गई। उधर रहीमाबाद में बिजली कटौती पर भारतीय किसान यूनियन (लोकतांत्रिक) ने चेतावनी दी है कि यदि 7 मई तक सुधार नहीं हुआ, तो वे प्रदर्शन करेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गंगा एक्सप्रेसवे पर आज से फर्राटा, टोल दरें भी जारी, किसने कितना देना होगा?
ये भी पढ़ें:बंगाल में IPS अजय पाल पर TMC का हमला तेज, महुआ ने बार डांसर संग VIDEO दिखाया

नादरगंज व शारदा नगर में घंटों बत्ती गुल

नादरगंज उपकेन्द्र के गौरी फीडर में दोपहर करीब डेढ़ बजे बिजली गुल होने से गौरी गांव, दुर्गानगर और देवलोक कॉलोनी सहित एक दर्जन मोहल्लों में अंधेरा रहा। ढाई घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। इसी तरह शारदा नगर विस्तार के चन्द्रावल फीडर में शाम 5 बजे से सवा सात बजे तक बिजली कटी रहने से नटकुर, सैनिक विहार जैसे इलाकों में अंधेरा रहा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।