lucknow new flyover para to hans khera agra expressway traffic relief राजधानी लखनऊ में बनेगा एक और फ्लाईओवर, आगरा एक्सप्रेसवे मार्ग पर जाम से मिलेगी राहत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

राजधानी लखनऊ में बनेगा एक और फ्लाईओवर, आगरा एक्सप्रेसवे मार्ग पर जाम से मिलेगी राहत

लखनऊ में पारा से हंस खेड़ा के बीच 1300 मीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। 156.07 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस दो लेन फ्लाईओवर से आगरा एक्सप्रेस-वे मार्ग पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।

Tue, 28 April 2026 07:18 AMYogesh Yadav शुभ्रांशु शेखर लखनऊ
share
राजधानी लखनऊ में बनेगा एक और फ्लाईओवर, आगरा एक्सप्रेसवे मार्ग पर जाम से मिलेगी राहत

अवध चौराहा से आगरा एक्सप्रेस वे को जोड़ने वाले मार्ग पर पुराना थाना पारा से हंस खेड़ा तक 1300 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके निर्माण से पुराना थाना पारा और हंस खेड़ा पर आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। करीब तीन लाख से अधिक की आबादी को लाभ होगा। आए दिन लगने वाले जाम को देखते हुए क्षेत्रीय लोगों की मांग पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए लखनऊ के सांसद व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और क्षेत्रीय विधायक अरमान खान की ओर से शासन को प्रस्ताव दिया गया।

शासन के निर्देश पर सेतु निगम ने फ्लाईओवर निर्माण कार्य का खाका तैयार कर लिया है। जिसके अनुसार फ्लाईओवर निर्माण की प्रस्तावित लागत 156.07 करोड़ रुपये है। यह दो लेन का होगा। पुराना थाना पारा के पास से यह शुरू होगा और हंस खेड़ा से कुछ आगे जाकर उतरेगा। हंस खेड़ा के पास फ्लाईओवर के नीचे एक चौराहा भी बनाया जाएगा। सेतु निगम के अनुसार प्रस्ताव को कार्ययोजना 2026-27 में शामिल किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अयोध्या-काशी से अमृत भारत ट्रेनें, किसानों को बोनस, मोदी आज देंगे अरबों की सौगात

शासन से हरी झंडी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इसके निर्माण से पुराना थाना पारा से हंस खेड़ा तक लोगो की आवाजाही आसान हो जाएगी। इस मार्ग पर पड़ने वाली अन्य कॉलोनियों के लोगों को भी राहत मिलेगी। उन्हें आए दिन लगने वाले जाम से निजात तो मिलेगी ही उनका समय और ईधन भी बचेगा।

इन क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा लाभ

फ्लाईओवर निर्माण से मुन्नु खेड़ा, हंस खेड़ा, सुंदर खेड़ा, सदरौना, पारा, बुद्ध नगर और आसपास की 30 से अधिक कॉलोनियों के तीन लाख से अधिक लोगों की आवाजाही आसान हो जाएगी। अवध चौराहा से आगरा एक्सप्रेस वे मार्ग सहित हंस खेड़ा के पास लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।

दोनों तरफ सर्विस रोड भी बनेगी

सेतु निगम के अनुसार फ्लाईओवर निर्माण के साथ ही दोनों तरफ सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। जिससे कि बीच की कॉलोनियों की तरफ जाने वालों को फ्लाईओवर से घूम कर नहीं जाना पड़ेगा। सर्विस लेन के जरिए उनका सफर आसान हो जाएगा। सर्विस लेन 3.50 मीटर चौड़ी बनाई जाएगी। फ्लाईओवर पर स्ट्रीट लाइट भी लगाने का प्रस्ताव है। इसे इस प्रकार लगाया जाएगा जिससे कि फ्लाईओवर और सर्विस लेन पर पर्याप्त रोशनी रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हीटवेव से बचाव को स्कूलों में विशेष इंतजाम, योगी सरकार ने जारी की एडवाइजरी
ये भी पढ़ें:होमगार्ड परीक्षा में फर्जीवाड़े की कोशिश, अलग-अलग जिलों में चार गिरफ्तार

डायवर्जन का प्रयोग पड़ रहा भारी

कमता तिराहे पर ट्रैफिक डायवर्जन का प्रयोग वाहन सवारों पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। कई रास्तों पर बैरिकेडिंग से वाहन सवार भटक जा रहे हैं। जाना कहीं और है, चले और कहीं जा रहे हैं। गलत लेन में जाने का खामियाजा भी वाहन सवारों को भुगतना पड़ रहा हैं। ट्रैफिक कर्मियों की फटकार अलग से मिल रही हैं। इन सबके बीच सोमवार की सुबह 10 बजे से कमता तिराहे पर ट्रैफिक को सामान्य तरीके से संचालित होने की सूचना एक्स पर लगातार दी जा रही थी। लेकिन हकीकत में पॉलीटेक्निक से चिनहट जाने वाले वाहन और चिनहट से हाईकोर्ट और लोहिया जाने वाले वाहन चालक रेंगते नजर आए।

कमता तिराहे की रोटरी छोटी होगी : कमता तिराहा पर फ्लाईओवर के नीचे बने रोटरी को और छोटा किया जाएगा, ताकि शहीद पथ से आने वाले वाहन अयोध्या रोड पर बिना रुके पहुंच जाएं। सोमवार को करीब 12 बजे कमता तिराहे पर पहुंचे एसीपी ट्रैफिक दक्षिणी राधारमन सिंह ने मौके पर रोटरी की नापजोख कराकर छोटा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमता तिराहे पर डायवर्जन व्यवस्था को देखा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।