चीफ इंजीनियर पर नगर आयुक्त ने भी लिया ऐक्शन, सख्त निर्देश भी दिए गए
यूपी के लखनऊ में नगर आयुक्त ने भी मुख्य अभियंता पर ऐक्शन लिया है। नोटिस करते हुए सख्त निर्देश दिए हैं। इससे पहले अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने भी ऐक्शन लिया था।

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में जनसुनवाई पोर्टल (आइजीआरएस) पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर अब नगर आयुक्त ने भी नोटिस जारी की है। नगर निगम के मार्ग प्रकाश विभाग के शिकायतों को बिना वास्तव में हल किए ही पोर्टल पर ''निस्तारित'' दिखाने की पोल खुल गई है। इस गंभीर अनुशासनहीनता को देखते हुए नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता विद्युत-यांत्रिक मनोज प्रभात को नोटिस जारी किया है। यहीं चीफ इंजीनियर को सख्त निर्देश भी दिए गए हैं। इससे पहले अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने भी मार्ग प्रकाश विभाग के मुख्य अभियन्ता को नोटिस जारी किया था। प्रभारी आईजीआरएस सेल ने भी पत्र लिखा है।
हाल ही में आईजीआरएस सेल द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2026 में मार्ग प्रकाश विभाग से संबंधित कुल शिकायतों के निस्तारण के संदर्भ में 56 मामलों में शिकायतकर्ताओं ने निगेटिव फीडबैक दिया है। पत्र के अनुसार, विभाग ने पोर्टल पर शिकायतों को निस्तारित तो दिखा दिया, लेकिन गुणवत्तापूर्ण कार्य न होने के कारण जनता में भारी रोष है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उनकी समस्याओं का समाधान धरातल पर हुआ ही नहीं, जबकि ऑनलाइन रिकॉर्ड में उन्हें हल दिखा दिया गया।
अधिकारियों और जोनल अफसरों की कार्यशैली पर सवाल
यह केवल एक विभाग की समस्या नहीं है। नगर निगम के लगभग सभी जोनल अधिकारी और जोनल सेनेटरी अफसर भी इसी ढर्रे पर काम कर रहे हैं। रिपोर्ट में संकेत दिया गया है कि शिकायतों का झूठा निस्तारण कर शासन की आंखों में धूल झोंकी जा रही है।उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद जोनल स्तर पर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। फर्जी रिपोर्ट अपलोड करने से नगर निगम लखनऊ की आईजीआरएस रैंकिंग में भारी गिरावट आई है।
एक सप्ताह के भीतर मांगी गई स्पष्टीकरण रिपोर्ट
प्रभारी अधिकारी द्वारा जारी पत्र में कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य अभियंता को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दें। जिन 56 संदर्भों में गलत आख्या दी गई है, उन उत्तरदायी कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर उनके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही करने को कहा गया है।




साइन इन