प्रयागराज की महिला से लखनऊ के होटल में गैंगरेप, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप
प्रयागराज की एक महिला ने फेसबुक फ्रेंड और उसके साथियों पर लखनऊ के होटल में सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। पुलिस ने सात लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। जांच में पता चला है कि आरोपी की पत्नी ने दोनों को होटल में रंगे हाथ पकड़ा था, जिसके बाद यह शिकायत हुई।

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हाई-प्रोफाइल इलाके विभूतिखंड में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रयागराज की रहने वाली एक महिला ने अपने फेसबुक फ्रेंड और उसके दोस्तों पर गैंगरेप, बंधक बनाकर मारपीट करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुख्य आरोपी भूपेंद्र सिंह तोमर उर्फ आदित्य उर्फ मोनू सहित कुल सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फेसबुक पर हुई दोस्ती और होटल का जाल
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, मुख्य आरोपी भूपेंद्र सिंह तोमर मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है। महिला की उससे दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने महिला का विश्वास जीत लिया। आरोप है कि बीते दिनों भूपेंद्र ने किसी बहाने से महिला को लखनऊ बुलाया और विभूतिखंड स्थित एक नामचीन होटल में ठहरने के लिए कहा।
महिला का आरोप है कि होटल के कमरे में भूपेंद्र ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जब वह अचेत होने लगी, तो आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस पूरी घिनौनी वारदात का अश्लील वीडियो बना लिया। होश आने पर जब महिला ने विरोध किया, तो उसे कमरे में ही बंधक बना लिया गया और बुरी तरह पीटा गया। पीड़िता का दावा है कि इसके बाद आरोपी के कुछ अन्य साथी भी वहां पहुंच गए और उन्होंने भी उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
ब्लैकमेलिंग और धमकी का सिलसिला
महिला का आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी उसे वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करने लगे। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर निकली पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया। पीड़िता का कहना है कि जब आरोपियों को पता चला कि वह पुलिस के पास गई है, तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद विभूतिखंड थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज का मोड़
इस पूरे मामले में पुलिस की तफ्तीश ने एक नया मोड़ दे दिया है। एसीपी विभूतिखंड विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। फुटेज में महिला और भूपेंद्र 19 अप्रैल को सामान्य रूप से होटल में प्रवेश करते दिख रहे हैं और उस समय महिला की ओर से किसी प्रकार के विरोध या जबरदस्ती का संकेत नहीं मिला है।
जांच में यह भी तथ्य सामने आया है कि 19 अप्रैल को भूपेंद्र की पत्नी को इस मुलाकात की भनक लग गई थी और वह मौके पर पहुंच गई थी। होटल में ही भूपेंद्र की पत्नी, उसके पति और इस महिला के बीच काफी हंगामा और विवाद हुआ था। पत्नी ने महिला को चेतावनी दी थी कि वह उसके पति से दूर रहे।
पुराना इतिहास खंगाल रही पुलिस
इंस्पेक्टर अमर सिंह के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से बलिया की रहने वाली है और प्रयागराज में उसकी ससुराल है, जहां उसका अपने पति से विवाद चल रहा है। जांच में यह भी पता चला है कि महिला पहले भी कुछ अन्य लोगों के खिलाफ इसी तरह के मुकदमे दर्ज करा चुकी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह वास्तव में गैंगरेप की वारदात है या आपसी विवाद और रंजिश के चलते लगाया गया आरोप है। फिलहाल पुलिस सभी साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।




साइन इन