16 साल की बेटी की हत्याकर पुलिस में गुमशुदगी, शासन से गुहार, ऐसे खुल गई पिता की करतूत
लखनऊ के चिनहट में एक पिता ने अपनी 16 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव बाराबंकी में फेंक दिया। पुलिस को गुमराह करने की पूरी कोशिश की। पांच दिन बाद पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है।

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके से 14 अप्रैल को लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस पिता ने अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस के चक्कर काटे और शासन के पोर्टल (IGRS) तक गुहार लगाई, वही अपनी बेटी का हत्यारा निकला। आरोपी पिता ने अपने दोस्त के साथ मिलकर न केवल अपनी बेटी का गला घोंटा, बल्कि साक्ष्यों को छिपाने के लिए शव को पड़ोसी जिले बाराबंकी की नहर में फेंक दिया था।
साजिश के तहत पुलिस को किया गुमराह
पुलिस तफ्तीश के मुताबिक, चिनहट निवासी आरोपी पिता ने अपने दोस्त के साथ मिलकर 14 अप्रैल को ही वारदात को अंजाम दे दिया था। 15 अप्रैल को बाराबंकी के बड्डूपुर इलाके में शारदा सहायक नहर किनारे एक किशोरी का शव मिला था, जिसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था। शिनाख्त न होने के कारण पुलिस ने 72 घंटे बाद अंतिम संस्कार कर दिया। इधर, खुद को बेकसूर दिखाने के लिए आरोपी पिता ने 17 अप्रैल को IGRS पोर्टल पर बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई और अपने बुजुर्ग पिता (किशोरी के बाबा) को वकील के साथ थाने भेज दिया।
पुलिस की मुस्तैदी से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने टीम गठित की। जब पुलिस टीम किशोरी के घर पहुंची, तो पिता गायब मिला और उसका फोन भी बंद था। इससे पुलिस का शक गहरा गया। चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने जब बाराबंकी में मिले अज्ञात शव की तस्वीर आरोपी को दिखाई, तो उसने तुरंत उसकी पहचान अपनी बेटी के रूप में कर ली। हालांकि, कॉल डिटेल्स और घटनाक्रम के विरोधाभास ने उसकी पोल खोल दी। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पिता ने अपने एक दोस्त की मदद से इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया था।
बेटी का प्रेमी से मिलना बनी कत्ल की वजह
जांच में सामने आया कि किशोरी की दोस्ती बाराबंकी के एक युवक से थी, जिससे घरवाले बेहद नाराज थे। दो-तीन साल पहले किशोरी उस युवक के साथ कहीं चली गई थी, जिसके बाद आरोपी पिता ने युवक पर केस दर्ज कराकर उसे जेल भिजवाया था। जेल से छूटने के बाद युवक ने फिर से किशोरी से मिलना शुरू कर दिया था। इसी बात से आहत होकर पिता ने अपनी इज्जत की खातिर 'ऑनर किलिंग' का रास्ता चुना और अपनी ही बेटी को मौत के घाट उतार दिया।




साइन इन