मासूम की हत्याकर पेड़ से लटकाया शव, पत्नी से झगड़े के बाद पिता ने बेटे को उतारा मौत के घाट
बदायूं के सहसवान में पत्नी से विवाद के बाद पिता ने अपने 8 साल के बेटे की हत्या कर दी। आरोपी विजय सिंह ने बेटे को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी। पुलिस ने मामा की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी कुंठा और गुस्से की बलि अपने ही आठ साल के मासूम बेटे को चढ़ा दी। तिगरा गांव में 14 अप्रैल को हुई इस वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने कबूल किया है कि पत्नी से हुए झगड़े का बदला लेने के लिए उसने अपने कलेजे के टुकड़े की गला घोंटकर हत्या की और फिर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटका दिया।
वारदात और पुलिस की जांच
घटना 14 अप्रैल की है, जब तिगरा निवासी विजय सिंह के आठ वर्षीय पुत्र विशाल उर्फ गोपाल का शव गांव के बाहर एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। शुरुआत में इसे आत्महत्या दिखाने की पूरी कोशिश की गई। विजय सिंह ने खुद पुलिस को अज्ञात के खिलाफ सूचना दी और गांव वालों के सामने मासूमियत का ढोंग करता रहा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मौत की वजह 'हैंगिंग' (फंदे पर लटकना) आई। हालांकि, मासूम की उम्र और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को पहले दिन से ही दाल में कुछ काला लग रहा था।
मामा की शिकायत पर खुला राज
मामले में मोड़ तब आया जब 17 अप्रैल को मृतक के मामा राजेश (निवासी मलिकपुर, उझानी) ने सहसवान कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर अपने बहनोई विजय सिंह पर ही हत्या का सीधा आरोप लगाया। मामा की शिकायत पर पुलिस ने जब विजय सिंह को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि आरोपी ने बेहद सोची-समझी साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया था।
पत्नी से विवाद और नशे की लत
पूछताछ में रोंगटे खड़े कर देने वाला सच सामने आया। विजय सिंह शराब पीने और जुआ खेलने का आदी है। उसने जुए के चक्कर में घर के सोने के आभूषण तक बेच डाले थे। इसी बात को लेकर 14 अप्रैल को उसका पत्नी से भीषण झगड़ा हुआ था। गुस्से में पागल विजय घर से एक रस्सी लेकर निकला और बहाने से अपने बेटे विशाल को खेत की तरफ ले गया। वहां उसने मासूम के गले में रस्सी का फंदा डालकर उसे पेड़ की डाल से लटका दिया। मासूम चीखता रहा, लेकिन पत्थर दिल पिता को दया नहीं आई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी विजय सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रस्सी और अन्य साक्ष्य जुटा लिए हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी ताकि उस पर शक न जाए। लेकिन पुलिस की सतर्कता और परिजनों के संदेह ने कातिल पिता के चेहरे से नकाब उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को सुसंगत धाराओं में जेल भेज दिया है। गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं कि कोई पिता अपने ही बच्चे के साथ ऐसी दरिंदगी कैसे कर सकता है।




साइन इन