लखनऊ में घर आए दामाद की ससुर ने की पीट-पीटकर हत्या, बेटी के लव मैरिज से थे नाराज
लखनऊ के आशियाना में अधिवक्ता तीरथ राज सिंह ने अपनी बेटी के लव मैरिज से नाराज होकर दामाद विष्णु यादव की चारपाई के पाए से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के समय पत्नी के साथ ससुराल आए विष्णु पर ससुर ने अचानक हमला किया। पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता और उसकी चार बेटियों को हिरासत में ले लिया है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके आशियाना में 'ऑनर किलिंग' जैसी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सेक्टर-आई में मंगलवार की रात एक अधिवक्ता ससुर ने अपनी बेटी के प्रेम विवाह से नाराज होकर अपने ही दामाद की बेरहमी से हत्या कर दी। घर के बरामदे में 32 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अधिवक्ता और उनकी चार बेटियों समेत कुल पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पत्नी की जिद पर आया था ससुराल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ के सांगीपुर निवासी विष्णु यादव (32) ने चार साल पहले अधिवक्ता तीरथ राज सिंह की बेटी साक्षी से प्रेम विवाह किया था। तीरथ राज इस शादी के सख्त खिलाफ थे और तब से ही दामाद और बेटी से रंजिश रखते थे। विष्णु अपनी पत्नी साक्षी और तीन साल की बेटी अर्चिता के साथ प्रतापगढ़ में ही रहते थे। मंगलवार को साक्षी की जिद पर विष्णु अपनी ससुराल लखनऊ आए थे, उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी आखिरी यात्रा होगी।
हाथापाई और खूनी संघर्ष
मंगलवार रात करीब 10:30 बजे घर के भीतर किसी बात को लेकर विष्णु और उनके ससुर तीरथ राज के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। शोर सुनकर विष्णु की सालियां और परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए। इसी बीच, गुस्से से तमतमाए तीरथ राज ने पास पड़ी चारपाई का पाया (लकड़ी का डंडा) उठाया और विष्णु के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। प्रहार इतना जोरदार था कि विष्णु का सिर फट गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बीच-बचाव करने दौड़ी बेटी साक्षी भी पिता के हमले में घायल हो गई।
फोरेंसिक जांच और गिरफ्तारियां
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (मध्य) विक्रांत वीर और एसीपी कैंट अभय प्रताप मल्ल भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चारपाई का पाया बरामद कर लिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिवक्ता तीरथ राज सिंह और उनकी चार बेटियों को हिरासत में ले लिया है।
जांच के घेरे में ससुराल पक्ष
पुलिस उपायुक्त विक्रांत वीर ने बताया कि विष्णु के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मृतक के पिता की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस हत्याकांड की साजिश पहले से रची गई थी या यह अचानक हुए विवाद का नतीजा है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में प्रेम विवाह को लेकर व्याप्त संकीर्ण मानसिकता और हिंसक प्रवृत्तियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




साइन इन