LPG Crisis: बलिया-मिर्जापुर में बड़ा खेल, गोदामों से 1123 गैस सिलेंडर गायब, मचा हड़कंप
यूपी में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के बीच सिलेंडर चोरी और गायब होने का भी मामला सामने आ रहा है। ताजा मामला प्रदेश के दो जिलों से सामने आया है। बलिया में 1015 और मिर्जापुर में 108 सिलेंडर गायब हो गए हैं। वहीं आजमगढ़ में ढाबे पर छापेमारी में दस घरेलू सिलेंडर बरामद हुए।

यूपी के कई जिलों में सिलेंडर का संकट बना हुआ है। हर जगह एलपीजी सिलेंडर के लिए लाइन और हंगामा हो रहा है। वहीं, बलिया और मिर्जापुर में 1123 सिलेंडर गायब होने से हड़कंप मच गया है। आजमगढ़ में ढाबे पर छापेमारी में दस घरेलू सिलेंडर बरामद हुए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया।
मिर्जापुर के जमालपुर क्षेत्र में ध्रुवी गैस एजेंसी के गोदाम का ताला तोड़कर 108 सिलेंडर चोरी करने का मामला सामने आया है। एजेंसी संचालक जेपी सिंह ने बताया गोदाम में 102 भरे और 587 खाली सिलेंडर रखे थे। सोमवार रात में चोर गोदाम का ताला तोड़कर 58 गैस सिलेंडर और 50 खाली सिलेंडर चुरा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर छानबीन की। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया गोदाम में चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बलिया में 1015 सिलेंडर गायब
बलिया के बांसडीह स्थित रुद्र भारत गैस सर्विस के गोदाम पर छापेमारी के दौरान गैस भरे 1015 घरेलू सिलेंडर गायब मिले। वित्तीय अनियमितता और धांधली की पुष्टि के बाद एजेंसी मैनेजर राजीव कुमार पांडेय के खिलाफ मंगलवार को केस दर्ज कर लिया गया। इधर,आजमगढ़ के सठियांव स्थित ग्रीन पैराडाइज ढाबे पर छापेमारी में 10 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। टीम ने ढाबा संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिलेंडरों को मुबारकपुर इंडेन गैस एजेंसी संचालक को सौंप दिया। प्रभारी डीएसओ ने बताया कि सठियांव में टीम ने घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध प्रयोग को रोकने के लिए छापेमारी की।
दो गुना दाम पर सिलेंडर, तीन गुना पर भर रहे गैस
गैस किल्लत के साथ ही इसकी कालाबाजारी भी बढ़ने लगी है। 14 किलो का सिलेंडर दोगुना दाम पर मिल रहा है। कालाबाजारी करने वाले 2 हजार से लेकर 22 सौ रूपया तक वसूल रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी गरीब, मजदूर व बाहर से आकर काम करने वालों की है। जिनके पास गैस का कनेक्शन नहीं है वह छोटे सिलेंडर में गैस भराकर खाना बनाते रहे हैं। लेकिन गैस की किल्लत में छोटे सिलेंडर में एक किलो गैस 200-250 रूपये में भरा जा रहा है। इससे गरीबों पर काफी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
अब 35 दिन बाद गैस की होगी बुकिंग
गैस किल्लत को नियंत्रित करने को गैस कंपनियों ने फिर से बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत दो सिलेंडर वाले उपभोक्ताओं की गैस की बुकिंग अब 35 दिन बाद होगी। इससे पहले ऐसे उपभोक्ताओं की गैस 30 दिन में बुक हो रही थी। यह बदलाव बुधवार से लागू हो जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है।
वहीं, एक सिलेंडर वाले उपभोक्ताओं की बुकिंग 25 दिन बाद, ग्रामीण इलाकों व उज्जवला योजना वाले उपभोक्ताओं की बुकिंग 45 दिन बाद होगी। नए बदलाव को सिस्टम में फीड किया जा रहा है। अब नई व्यवस्था के अंतर्गत ही गैस सिलेंडर बुक होगा।




साइन इन